वर्ष 2027 में होने वाले कई राज्यों के विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में, कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कसरावद से विधायक सचिन यादव को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के वॉर रूम का चैयरमेन नियुक्त किया है। सचिन यादव मध्य प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुभाष यादव के बेटे हैं। साथ ही, वे मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के पूर्व अध्यक्ष और खरगोन व खंडवा के पूर्व सांसद अरुण यादव के भाई भी हैं।
इसके अलावा, अन्य चुनावी राज्यों के लिए भी वॉर रूम अध्यक्षों की घोषणा की गई है, जिसके तहत पूर्व IAS अधिकारी और राजनेता कन्नन गोपीनाथन को पंजाब, इमरोज खान को गोवा, बिस्वरंजन मोहंती को मणिपुर और कृष्ण सातरोड़ को उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपनी इस नियुक्ति पर सचिन यादव ने X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस वॉर रूम के चेयरमैन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने हेतु कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी, श्री राहुल गांधी जी एवं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार।"
दूसरी तरफ, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लद्दाख में जिला कांग्रेस समिति (DCC) के अध्यक्षों की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। ये नियुक्तियां पार्टी के 'संगठन सृजन अभियान' के तहत की गई हैं। इसके लिए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षकों ने विस्तृत समीक्षा की और पार्टी पदाधिकारियों, हितधारकों व वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया।
नई नियुक्तियों के तहत, चांगथांग जिले में गुरमेट दोरजे को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, द्रास जिले में तालिब हुसैन, कारगिल में खादिम हुसैन, लेह में त्सेरिंग नोरबू, नुब्रा में सोनम स्टोबियान गोबा, शाम जिले में जिग्मत रामबियास और जंस्कार जिले में ताशी वांगचुक को DCC अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।