तमिलनाडु में 23 अप्रैल को चुनाव होने हैं। इन चुनावों के लिए राज्य का हर राजनीतिक दल पूरी जी-जान से तैयारियों-प्रचारों में जुटा हुआ है। बुधवार को तमिलगा वेट्री कळगम (TVK) के प्रमुख और तमिल फिल्मों के सुपरस्टार जोसेफ विजय ने तिरुनेलवेली में एक रोड शो और चुनावी रैली को संबोधित किया। विजय स्वयं भी पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। अपने भाषण में विजय ने द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (DMK) पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा "DMK गठबंधन और BJP गठबंधन बाहर से अलग-अलग दिख सकते हैं। लेकिन असल में, अगर आप अंदर से देखें, तो दोनों एक ही हैं। उनका एकमात्र मकसद यह पक्का करना है कि विजय आपके लिए काम करने के लिए आगे न आएं, आपके साथ खड़े न हों।"
उन्होंने आगे कहा, "जब से मैंने राजनीति में कदम रखा है, मैंने उनके कई भ्रष्ट कामों का पर्दाफाश किया है। यही कारण है कि वे पहले की तरह काम जारी नहीं रख पा रहे हैं। इसीलिए आज वे मुझसे नाराज हैं। उनके सभी राजनीतिक कैलक्युलेशन और गठबंधन के समीकरण धरे के धरे रह गए हैं।" उन्होंने DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन को कैश-बॉक्स गठबंधन बताते हुए कहा कि इसे लूटे हुए धन से बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि इसके घटक दलों में आपसी एकता की कमी है और गठबंधन के लोग एक-दूसरे को वोट भी नहीं देंगे।
विजय ने अपने भाषण में आगे कहा, "आप कामराज, अन्ना और MGR जैसे नेताओं के लिए तरसते रहे हैं। ऐसी ही लगन और समर्पण वाली सरकार हम बना सकते हैं। अगर हम सत्ता में आए, तो किसान खुशहाल होंगे, परिवार और आने वाली पीढ़ियाँ खुशहाल होंगी! अपना वोट बर्बाद न करें। हम ऐसा कोई वादा नहीं करेंगे जिसे हम पूरा न कर सकें। हम जो वादा करेंगे, उसे जरुर पूरा करेंगे। मुझे जनता के पैसे में से एक भी रुपया लेने की जरूरत नहीं है। हम पूरी ईमानदारी से शासन करेंगे। हम किसी भी तरह की गड़बड़ी या गलत काम होने नहीं देंगे।"
अपने भाषण के दौरान उन्होंने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। विजय का कहना है कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने कुछ करोड़ रुपए खर्च करके कांग्रेस पार्टी को अपने साथ गठबंधन करने के लिए राजी कर लिया। हालांकि, उनका दावा है कि असली कांग्रेस हमारे साथ हैं। विजय ने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय हमारे साथ हैं, क्योंकि हम वाकई में सेक्युलर हैं।