बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में विधान परिषदों के द्विवार्षिक चुनावों के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे मतदान शुरू हो गया है। ये चुनाव स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हो रहे है। बिहार में आठ, कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में पांच और उत्तर प्रदेश में 11 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिससे ये सीटें रिक्त हो गई है।
बिहार में, कोसी, तिरहुत, पटना और दरभंगा के स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ-साथ सारण, पटना, दरभंगा और तिरहुत के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान चल रहा है। MLC चुनावों पर जनता दल-यूनाइटेड (JD-U) सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि यह लोकतंत्र का एक उत्सव है और इसमें पढ़े-लिखे मतदाता वोट डाल रहे हैं। हम यहाँ आए हैं और हमने अपना वोट डाला है। मेरी अपील है कि ज्यादा से ज्यादा लोग बाहर आएं और वोट दें। भले ही वे किसी का भी समर्थन करते हों, लेकिन सभी को बाहर आकर वोट जरूर डालना चाहिए।
वहीं, कर्नाटक में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक दक्षिण-पूर्व स्नातक और कर्नाटक पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कर्नाटक उत्तर-पूर्व शिक्षक और बेंगलुरू शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल है। महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद), पुणे और नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ-साथ पुणे और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर के महाल स्थित न्यू इंग्लिश हाई स्कूल में अपना वोट डाला।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव शिक्षित और जागरूक मतदाताओं की सोच को दर्शाता है। इस निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उससे पहले भारतीय जनसंघ (BJS) को पारंपरिक रूप से मतदाताओं का समर्थन मिलता रहा है। इन मतदाताओं ने हमेशा हमारी विचारधारा का समर्थन किया है। हमें पूरा भरोसा है की इस बार हमारे उम्मीदवार सुधाकर कोहळे विजयी होंगे और भाजपा फिर से यह सीट हासिल कर लेगी। हमारी जीत निश्चित है और हमें पूरा विश्वास है कि हम मतगणना के पहले ही दौर में जीत जाएंगे।
अंत में, उत्तर प्रदेश में पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी के साथ-साथ छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद में मतदान हो रहा है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, अच्छे इंफ्रास्ट्रक्चर और विकसित भारत के विजन के लिए जनता के समर्थन से, भाजपा उम्मीदवार सभी 11 सीटों पर भारी अंतर से जीतेंगे। समाजवादी पार्टी (SP) ने सत्ता पाने और उसे बनाए रखने के लिए हमेशा अपराधियों और माफियाओं का साथ दिया है। उत्तर प्रदेश की जनता गुंडागर्दी को स्वीकार नहीं करेगी।