असम, केरलम और पुदुचेरी में आज हो रही वोटिंग, कई बड़े चेहरों ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग

असम, केरलम और पुदुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए आज सुबह से मतदान शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर कई पोस्ट किए, जिसमें उन्होंने इन सभी राज्यों में लोगों से बड़ी संख्या से वोटिंग करने का आग्रह किया।

असम, केरलम और पुदुचेरी में आज हो रही वोटिंग, कई बड़े चेहरों ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग

मतदान केंद्रों में आज सुबह से ही वोटरों की भारी भीड़ नजर आ रही है।

Share:

Highlights

  • केरलम में मुख्यमंत्री विजयन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर मतदान कर चुके है।
  • असम में गौरव गोगोई, पीयूष हजारिका और प्रद्युत बोरदोलोई जैसे नेताओं ने भी वोट डाला।
  • पुदुचेरी में मुख्यमंत्री एन. रंगासामी वोट डालने बाइक से पोलिंग बूथ पहुंचे।

असम, केरलम और पुदुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए आज सुबह से मतदान शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर कई पोस्ट किए, जिसमें उन्होंने इन सभी राज्यों में लोगों से बड़ी संख्या से वोटिंग करने का आग्रह किया। X पर एक पोस्ट में, PM मोदी ने केरलम के लोगों से कहा, "मैं केरलम के लोगों से 2026 के विधानसभा चुनावों में बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान करता हूँ। रिकॉर्ड भागीदारी केरलम की लोकतांत्रिक भावना को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूँ कि वे आगे आएँ और बड़ी संख्या में मतदान करें।"

प्रधानमंत्री मोदी ने पुदुचेरी के लोगों से अनुरोध किया कि, "मैं हर मतदाता से आग्रह करता हूँ कि वे बाहर निकलें और रिकॉर्ड संख्या में मतदान में हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से हमारे युवाओं और महिला मतदाताओं से अपील करता हूँ कि वे लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करें। पुदुचेरी के भविष्य को संवारने में हर एक वोट मायने रखता है। उन्होंने असम के लोगों का भी आह्वान करते हुए कहा, "मैं असम की जनता से अपील करता हूँ कि वे बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा और महिला मतदाता पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र तथा नागरिक कर्तव्य का एक उत्सव बना देंगे।"

ताजा जानकारी के मुताबिक, असम में सुबह 11 बजे तक 38.92% मतदान दर्ज किया गया है। इसके अलावा केरलम में सुबह 11 बजे तक 33.28% और पुदुचेरी में 37.06% वोटिंग दर्ज की गई है। केरलम में मुख्यमंत्री पिनरई विजयन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर, विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी जैसे नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मळलायम फिल्मों के सुपरस्टार मोहनलाल भी मतदान कर चुके हैं। एक और दिग्गज अभिनेता ममूटी भी अपनी पत्नी के साथ वोट डालने मतदान केंद्र पहुंच चुके हैं। के. सी. वेणुगोपाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, "हम चुनाव में जबरदस्त जीत हासिल करने जा रहे हैं। इस चुनाव में हम 100 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। लोग बदलाव चाहते हैं। वे पिछले 10 सालों से मुख्यमंत्री के तौर पर पिनरई विजयन से तंग आ चुके हैं।"

नजर डालें असम पर, तो जोरहाट सीट से प्रत्याशी और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई, रायजोर दल के मुखिया और शिबसागर सीट से उम्मीदवार अखिल गोगोई, पीयूष हजारिका, केंद्रीय मंत्री पबित्र मार्घेरिटा, फणि भूषण चौधरी, अतुल बोरा, प्रद्युत बोरदोलोई और सांसद रकीबुल हुसैन जैसे कई नेता मतदान कर चुके हैं। एक खास खबर यह भी कि असम के मुख्यमंत्री और जालुकबारी से उम्मीदवार डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने वोटिंग से पहले गुवाहाटी स्थित माँ कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा भी उनके साथ थीं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "आज असम में मतदान का दिन है। मुझे मतदान के दिन माँ कामाख्या के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। मैंने माँ से प्रार्थना की कि असम फले-फूले और राज्य के लोग आगे बढ़ें"

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular