विज्डन क्रिकेटर्स अल्मनाक 2026 के पुरस्कारों की घोषणा, 9 में से 7 अवॉर्ड्स पर भारतीय खिलाड़ियों का कब्जा

विज्डन क्रिकेटर्स अल्मनाक के "5 क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर" में भी 4 भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है। इनमें रविंद्र जडेजा, शुभमन गिल, मोहम्मद सिराज और ऋषभ पंत शामिल हैं।

विज्डन क्रिकेटर्स अल्मनाक 2026 के पुरस्कारों की घोषणा, 9 में से 7 अवॉर्ड्स पर भारतीय खिलाड़ियों का कब्जा

एंडरसन-तेंडुलकर टेस्ट सीरीज में गिल और सिराज का प्रदर्शन शानदार रहा था।

Share:

Highlights

  • दीप्ति शर्मा को लीडिंग वूमेंस क्रिकेटर इन द वर्ल्ड चुना गया है।
  • शुभमन गिल को विज्डन ट्रॉफी फॉर आउटस्टैंडिंग इंडिविजुअल टेस्ट परफॉरमेंस अवॉर्ड से नवाजा गया है।
  • ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज मिशेल स्टार्क को लीडिंग मेंस क्रिकेटर इन द वर्ल्ड चुना गया है।

विज्डन क्रिकेटर्स अल्मनाक 2026 के पुरस्कारों की घोषणा हो गई है और इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने अपना डंका बजाया है। 9 मुख्य पुरस्कारों में से 7 पर भारतीय खिलाड़ियों का नाम दर्ज है। ये प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। इस बार दीप्ति शर्मा को "लीडिंग वूमेंस क्रिकेटर इन द वर्ल्ड" चुना गया है। उन्होंने 2025 के महिला विश्व कप में सर्वाधिक 22 विकेट झटके, साथ ही प्रतियोगिता में कुल 215 रन भी बनाए। दीप्ति ने फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया और मात्र 39 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके अतिरिक्त उन्होंने इस मैच में 58 रन भी बनाए थे। महिला विश्व कप में भारत को पहली बार विजेता बनाने में दीप्ति शर्मा ने एक बड़ा अहम रोल अदा किया था।

टी-20 क्रिकेट की बात करें, तो विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा को "लीडिंग टी-20 क्रिकेटर इन द वर्ल्ड" चुना गया है। अभिषेक शर्मा के लिए 2025 का साल काफी यादगार रहा। उन्होंने पिछले साल 202.01 की स्ट्राइक रेट की 1,602 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 3 शतक, 9 अर्धशतक और 108 छक्के भी लगाए। उनके पिछले IPL सीजन पर भी नजर डालें, तो अभिषेक ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से खेलते हुए 14 मैच में 439 रन बनाए। इसमें पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेली गई 141 रनों की तूफानी पारी भी शामिल है। टूर्नामेंट के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 193.39 रहा, जो शीर्ष क्रम में उनके आक्रामक रवैये को दर्शाता है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग्स में भी अभिषेक 875 अंकों के साथ पहले पायदान पर बने हुए हैं।

विज्डन क्रिकेटर्स अल्मनाक के "5 क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर" में भी 4 भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है। इनमें रविंद्र जडेजा, शुभमन गिल, मोहम्मद सिराज और ऋषभ पंत शामिल हैं। 2025 की एंडरसन-तेंडुलकर टेस्ट सीरीज के दौरान शुभमन गिल का बोलबाला रहा। गिल ने 5 मैचों की सीरीज में 75 से अधिक की औसत से कुल 754 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक भी निकले थे। अपने अब तक के टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 भी उन्होंने इसी श्रृंखला में बनाया था। शुभमन गिल को इंग्लैंड के हैरी ब्रूक के साथ "प्लेयर ऑफ द सीरीज" भी चुना गया था। गिल को "विज्डन ट्रॉफी फॉर आउटस्टैंडिंग इंडिविजुअल टेस्ट परफॉरमेंस" अवॉर्ड से भी नवाजा गया है। 

जिक्र करें मोहमद सिराज का तो उन्होंने भी 5 मैचों में 32.43 की औसत से सबसे अधिक 32 विकेट चटकाए थे। बात करें ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा की, तो उनके लिए भी ये सीरीज काफी यादगार रही थी। पंत ने 68.43 की औसत से 479 रन और जडेजा ने 86.00 की शानदार औसत से 516 रन बनाए थे। 5 क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर में पांचवें खिलाड़ी इंग्लैंड के हसीब हमीद हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज मिशेल स्टार्क को "लीडिंग मेंस क्रिकेटर इन द वर्ल्ड" चुना गया है।

रिलेटेड टॉपिक्स