पूरे देश में रक्षाबंधन का त्योहार बहुत उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अपने सरकारी आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग पर स्कूली बच्चों के साथ यह त्योहार मनाया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने प्रधानमंत्री मोदी की कलाई पर रंग-बिरंगी और सुंदर राखियां बांधीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम का एक वीडियो भी शेयर किया और लिखा, "आज 7, LKM में रक्षाबंधन के जश्न के बीच हाई-फाइव, मुस्कान और बहुत कुछ।" जश्न की कुछ तस्वीरें भी प्रधानमंत्री ने साझा की, जो इस समय काफी वायरल हो रही हैं। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज नई दिल्ली में महिला मोर्चा की सदस्यों के साथ रक्षाबंधन मनाया।
महिला मोर्चा की सदस्यों ने नबीन को राखी बांधी और इस मौके पर एक-दूसरे को बधाई दी। लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर भी छोटी बच्चियों ने उन्हें राखी बांधी। इसका एक वीडियो X पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर आयोजित 'स्नेहबंधन' कार्यक्रम में आई प्रदेश की बेटियों से रक्षासूत्र बंधवाया और उनसे संवाद किया। डबल इंजन सरकार में प्रदेश की बेटियां पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रही हैं, उन्हें सम्मान मिल रहा है और वे आत्मनिर्भर बनकर हर क्षेत्र में प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर रही हैं। उत्तर प्रदेश की मेरी सभी माताओं, बहनों और बेटियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई व अशेष शुभकामनाएं।"
झारखंड की कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा टिर्की ने भी कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को राखी बांधी। इसकी कुछ तस्वीरें X पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, "कर्नाटक के माननीय मुख्यमंत्री श्री डीके शिवकुमार जी को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ दीं। इस पावन अवसर पर उनसे आत्मीय मुलाकात हुई और भाई-बहन के स्नेह, विश्वास एवं सम्मान के इस रिश्ते को और मजबूत करने का सौभाग्य मिला। उन पर माँ कामाख्या की असीम कृपा सदैव बनी रहे और उनका जीवन सुख, समृद्धि एवं सफलता से परिपूर्ण रहे।"
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी रक्षाबंधन का ये उत्सव बनाया। कई बहनों ने उन्हें बड़े प्रेम के साथ राखी बांधी। स्वयं मुख्यमंत्री अधिकारी ने सेना के जवानों को रक्षासूत्र बांधा और नेशनल कैडेट कॉर्प्स (NCC) के कैडेट्स के साथ रक्षाबंधन का पर्व बनाया। एक और वीडियो, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, पश्चिम बंगाल भाजपा के X हैंडल से शेयर किया गया है। इसमें एक महिला, जो शायद अपने साथ राखी नहीं लाई थी, ने अपनी साड़ी के किनारे से कपड़े का एक टुकड़ा फाड़ा और उसे राखी के तौर पर मुख्यमंत्री की कलाई पर बांध दिया।
इसे शेयर करते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा ने लिखा, "मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी एक भावुक पल के गवाह बने। एक बहन ने अपनी साड़ी के किनारे से कपड़े का एक टुकड़ा फाड़कर मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी के रूप में बांधा। भाई-बहन के बीच का रिश्ता प्यार, विश्वास और एक-दूसरे का साथ देने का जिंदगी भर का वादा होता है। राखी का पवित्र धागा इस रिश्ते को और भी गहरा और अटूट बनाता है। राखी के बंधन में प्यार हमेशा बना रहे, और भाई-बहन का यह प्यारा रिश्ता अटूट रहे।"