भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए 17 जून का दिन थोड़ा खास है। आज भारत और अफगानिस्तान दो मोर्चों पर भिड़ रहे हैं। जहां एक तरफ श्रीलंका के दांबुला स्टेडियम में आयोजित ट्राई-नेशन सीरीज में इंडिया-ए और अफगानिस्तान-ए का मुकाबला जारी है, वहीं दूसरी ओर लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भी भारत और अफगानिस्तान की मुख्य टीमों के बीच भिड़ंत जारी है। सर्वप्रथम उल्लेख करें ट्राई-नेशन सीरीज का, तो पिछले मैच की तुलना में आज इंडिया-ए ने बहुत बेहतर प्रदर्शन किया। यहां अफगानिस्तान-ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी के फैसला किया, जिसे भारतीय बल्लेबाजों ने गलत साबित कर दिया।
प्रियांश आर्य (58) और वैभव सूर्यवंशी (38) ने टीम को मजबूत शुरूआत दिलाई। दोनों ने मात्र 8 ओवरों में 75 रन जोड़कर इंडिया-ए को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया। इन दोनों के आउट होने के बाद भी रनगति में ज्यादा परिवर्तन नहीं हुआ। ऋतुराज गायकवाड़ (30) और कप्तान तिलक वर्मा (59) ने भी बल्ले से बढ़िया खेल दिखाया। विकेटकीपर कुमार कुशाग्र (58) ने भी उपयोगी अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि पिछले मैच के स्टार बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे मात्र 7 रन पर चलते बने। लोअर ऑर्डर में विप्रज निगम ने एक बार फिर बैट से अपना योगदान दिया। उन्होंने 20 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 30 रन बनाए। वहीं निशांत सिंधु 26 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। इंडिया-ए ने 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 319 रनों का काफी बड़ा स्कोर खड़ा किया।
अफगानिस्तान-ए की ओर से अब्दुल्ला अहमदजई, फरमानुल्लाह सफी और फरीदून दाऊदजई ने 2-2 विकेट हासिल किए। इनके अलावा जाहिर/जहीर खान के खाते में भी एक विकेट गया। 320 के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरूआत औसत ही रही है। 25 के स्कोर पर हसन ईसाखिल (14) के रूप में टीम ने अपना पहला विकेट गंवाया। इसके बाद खालिद तनीवाल (13) भी जल्द ही पैविलियन लौट गए। इमरान मीर (32) ने अच्छी शुरूआत की, मगर इसे अर्धशतक में नहीं बदल पाए। समाचार लिखे जाने तक टीम 36.2 ओवरों में 9 विकेट खोकर 216 रन बना चुकी है। फैसल शिनोजादा ने 46 और बाहिर शाह ने 57 रनों का योगदान दिया।
दूसरी और भारत की प्रमुख टीम भी अफगानिस्तान के खिलाफ बल्ले से आग उगल रही है। ODI सीरीज में इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत को 9 के स्कोर पर पहला झटका लगा और यशस्वी जायसवाल सिर्फ 4 रन बनाकर चलते बने। हालांकि इसके बाद रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने टीम को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी कर टीम को सुरक्षित स्थिति में ले गए। रोहित ने 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 48 रनों की एक उम्दा पारी खेली।
हालांकि वो केवल 2 रनों से अपनी हाफ-सेंचुरी से चूक गए। उनके आउट होने के बाद भी अफगानिस्तान के लिए मुश्किलें कम नहीं हुईं। शुभमन गिल (154) और ईशान किशन (125) ने मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। ईशान किशन ने बड़े लंबे अंतराल बाद वनडे फॉर्मेट में शतक जमाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की एक बेहतरीन साझेदारी कर डाली। श्रेयस अय्यर 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। भारतीय टीम 49.5 ओवरों में सभी 10 विकेट खोकर 402 रन बना चुकी है। अफगानिस्तान की ओर से एन. खरोटी ने चार विकेट हासिल किए हैं। वहीं राशिद खान को तीन और मोहम्मद सलीम सफी एवं ए. एम. गजनफर को एक-एक विकेट मिला है।
पुरूषों के बाद यदि महिलाओं का भी जिक्र करें, तो आज महिला टी-20 विश्वकप में भारत का मुकाबला नीदरलैंड्स से होने वाला है। अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर भारत के हौंसले बुलंद हैं और अब वो अपने दूसरे मैच में नीदरलैंड्स को भी पटखनी देना चाहेगा।