पंजाब की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन का आधिकारिक ऐलान हो गया है। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने इस फैसले की घोषणा की।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। गौरतलब है कि शिरोमणि अकाली दल वर्ष 1998 से 2020 तक नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) का हिस्सा रहा था, लेकिन कृषि कानूनों के विरोध में उसने गठबंधन से नाता तोड़ लिया था। करीब 6 साल बाद दोनों दलों का फिर से साथ आना राज्य के सियासी समीकरणों में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
बादल साहब की पार्टी के साथ ही NDA पूरा होता है : अमित शाह
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा, "अकाली दल हमारा सबसे पुराना सहयोगी रहा है।
कल जब मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस बारे में बात की, तो उन्होंने भी सुखबीर जी और हमारे अध्यक्ष जी को फोन कर यह भावना व्यक्त की कि बादल साहब की पार्टी के साथ ही NDA पूर्ण होता है।" अमित शाह ने विश्वास जताया कि यह गठबंधन पंजाब सहित देश-दुनिया में हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा और दोनों दल जल्द ही पंजाब के विकास के लिए एक साझा घोषणापत्र जारी करेंगे।
गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताएं और रोडमैप
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि पिछले तीन महीनों से नितिन नबीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब के किसानों, आर्थिक विकास और युवाओं के रोजगार को लेकर व्यापक चर्चा चल रही थी, जिसके आधार पर एक ठोस रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने गठबंधन सरकार के मुख्य लक्ष्य गिनाते हुए कहा कि पंजाब से ड्रग्स की समस्या को जड़ से समाप्त करना मुख्य उद्देश्य होगा। राज्य से भ्रष्टाचार को मिटाना और पारदर्शी प्रशासन देना प्रमुख लक्ष्य रहेगा। इसेक अलावा राज्य के भीतर राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होगा।
मौजूदा AAP सरकार पर साधा निशाना
मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि AAP सरकार ने जनता के भरोसे को तोड़ा है और वह अपने किसी भी वादे को पूरा करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने अब ऐसी सरकार को बदलने का पक्का मन बना लिया है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य में भारी बहुमत से NDA की सरकार बनेगी, जिससे पंजाब में फिर से खुशहाली लौटेगी।
अकाली दल निभाएगा बड़े भाई की भूमिका
गठबंधन में सीटों के बंटवारे और नेतृत्व की भूमिका पर स्थिति स्पष्ट करते हुए अमित शाह ने कहा, "स्वाभाविक रूप से, अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।"