मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए भाजपा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध जीते, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

चुनाव का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के दौरान, तीनों विजेताओं के साथ भोपाल दक्षिण-पश्चिम से विधायक भगवानदास सबनानी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के पूर्व अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी उपस्थित थे।

मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए भाजपा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध जीते, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

रिटर्निंग ऑफिसर अरविन्द शर्मा ने तीनों नेताओं को चुनाव का प्रमाण पत्र जारी किया।

Share:

Highlights

  • विजयी उम्मीदवारों में तरूण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट के नाम शामिल है।
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तीनों नेताओं को बधाई दी एवं उन्हें मिठाई खिलाई।
  • कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन द्वारा सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका की सुनवाई शुक्रवार को होगी।

मध्य प्रदेश की राजनीति से अहम खबर सामने आई है। राज्य में जिन तीन राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होने हैं, उन सभी सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत हासिल कर ली है। विजयी उम्मीदवारों में तरूण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट के नाम शामिल हैं। तीनों ही प्रत्याशी बिना किसी विरोध चुन लिए गए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर अरविन्द शर्मा ने तीनों नेताओं को चुनाव का प्रमाण पत्र जारी किया और उन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा का सदस्य विधिवत घोषित किया।

इस दौरान वहां भोपाल दक्षिण-पश्चिम से विधायक भगवानदास सबनानी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के पूर्व अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी उपस्थित थे। बात करें कांग्रेस कैंडिडेट मीनाक्षी नटराजन की, तो उनका नामांकन रद्द हो गया था। इस फैसले के खिलाफ उन्होंने पहले चुनाव आयोग और फिर बाद में सुप्रीम कोर्ट का भी रूख किया। 

सुप्रीम कोर्ट ने राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया पर तो रोक लगाने से इंकार कर दिया, लेकिन शुक्रवार को मीनाक्षी नटराजन द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जताई। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने X पर विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए लिखा, "मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए भाजपा प्रत्‍याशी श्री तरूण चुग जी, श्री रजनीश अग्रवाल जी एवं श्री महेश केवट जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। पूर्ण विश्वास है कि आप तीनों राज्यसभा में जनहितों, जनभावनाओं और विकास से जुड़े विषयों को प्रभावी रूप से उठाएंगे एवं देश व प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।"

बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी तीनों विजयी प्रत्याशियों से भेंट की। खंडेलवाल ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने हाथों से नवनिर्वाचित सदस्यों को मिठाई भी खिलाई। इस दौरान वहां भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।

रिलेटेड टॉपिक्स