उज्जैन में होगा हरिहर मिलन, महाकाल सौंपेंगे श्रीहरि को सृष्टि का भार

उज्जैन में 23 नवंबर 2026 को वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर हरिहर मिलन मनाया जाएगा। मध्यरात्रि में बाबा महाकाल की सवारी चांदी की पालकी में गोपाल मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान शिव और श्रीहरि विष्णु का दिव्य मिलन होगा।

उज्जैन में होगा हरिहर मिलन, महाकाल सौंपेंगे श्रीहरि को सृष्टि का भार

देशभर से श्रद्धालु महाकाल और श्रीहरि के दिव्य मिलन के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचेंगे।

Share:
l encoding="UTF-8">

Highlights

  • मध्यरात्रि में बाबा महाकाल की भव्य सवारी महाकालेश्वर मंदिर से निकलेगी।
  • चांदी की पालकी में सवार होकर बाबा महाकाल गोपाल मंदिर पहुंचेंगे।
  • बेलपत्र और तुलसी की मालाओं का होगा आदान-प्रदान।
महाकाल की नगरी उज्जैन में देवउठनी एकादशी के बाद एक ऐसा पर्व मनाया जाता है, जो भगवान विष्णु यानी श्रीहरि और उज्जैन के राजा बाबा महाकाल को समर्पित है। इस पर्व का नाम हरिहर मिलन है। यह प्रतिवर्ष वैकुंठ चतुर्दशी यानी कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी के दिन मनाया जाता है। इस दिन बाबा महाकाल की सवारी मध्यरात्रि में महाकालेश्वर मंदिर से निकलकर गोपाल मंदिर पहुंचती है, जहां श्रीहरि और बाबा महाकाल का दिव्य मिलन होता है।
 
गोपाल मंदिर में भगवान विष्णु के स्वरूप गोपाल कृष्ण विराजमान हैं। श्रीहरि यानी भगवान विष्णु का ‘हर’ यानी भगवान शिव से मिलन होने के कारण इस पर्व को हरिहर मिलन कहा जाता है। इस वर्ष कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी 23 नवंबर 2026 को है और इसी दिन यह धार्मिक उत्सव आयोजित किया जाएगा।
 
पौराणिक मान्यता के अनुसार, जब भगवान विष्णु देवशयनी एकादशी के दिन शंखासुर नामक राक्षस का वध कर चार माह की योगनिद्रा में चले जाते हैं, तब वे सृष्टि का कार्यभार भगवान शिव को सौंप देते हैं। भगवान विष्णु की अनुपस्थिति में भगवान शिव सृष्टि का संचालन करते हैं। देवउठनी एकादशी के दिन श्रीहरि के जागने के बाद हरिहर मिलन के दौरान बाबा महाकाल सृष्टि का भार वापस भगवान विष्णु को सौंपते हैं।
 
हरिहर मिलन के दिन गाजे-बाजे के साथ मध्यरात्रि में बाबा महाकाल की सवारी चांदी की पालकी में भव्य रूप से गोपाल मंदिर पहुंचती है। इस दौरान श्रद्धालु आतिशबाजी करते हैं, जयकारे लगाते हैं और भजन-कीर्तन करते हुए बाबा महाकाल के दर्शन करते हैं। इस अवसर पर भगवान शिव और भगवान विष्णु की संयुक्त पूजा की जाती है। श्रद्धालु रात्रि जागरण और व्रत भी करते हैं तथा ‘ॐ हरिहराय नमः’ और ‘ॐ शिवकेशवाय नमः’ मंत्र का जाप करते हैं।
 
बाबा महाकाल की सवारी सभा मंडप से शुरू होकर गुदरी चौराहा और पाटनी बाजार से गुजरती है। मध्यरात्रि करीब 12 बजे सवारी गोपाल मंदिर पहुंचती है, जहां उसका गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया जाता है। इसके बाद मंदिर में करीब दो घंटे तक विशेष पूजा और अभिषेक होता है। इस दौरान दोनों देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।
 
हरिहर मिलन के दौरान भगवान महाकाल की ओर से बेलपत्र की माला और गोपाल कृष्ण स्वरूप में भगवान विष्णु की ओर से तुलसी की माला का आदान-प्रदान किया जाता है। मालाओं के इस आदान-प्रदान को सृष्टि के संचालन का दायित्व एक-दूसरे को सौंपने का प्रतीक माना जाता है। इसके बाद बाबा महाकाल की ओर से गोपाल जी को वस्त्र, फल, मिष्ठान और सूखे मेवे भेंट किए जाते हैं। इसके बाद दिव्य आरती का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
 
आरती के बाद बाबा महाकाल भगवान विष्णु को सृष्टि का भार सौंपकर करीब एक बजे तक अपने मंदिर वापस लौट आते हैं। इस दौरान उज्जैन नगरी में भक्तिमय माहौल बना रहता है।
 
हरिहर मिलन के अवसर पर उज्जैन में लोग अपने घरों और मंदिरों को दीपों से सजाते हैं और भजन-कीर्तन के साथ विशेष आरती में शामिल होते हैं। इस अवसर पर बाबा महाकाल की सवारी सावन और भादो मास की सवारी की तर्ज पर निकाली जाती है। सवारी मार्ग को दुल्हन की तरह सजाया जाता है, जिससे पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग जाता है।
 
भगवान विष्णु और बाबा महाकाल के इस अद्भुत मिलन के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। हरिहर मिलन का यह पर्व सनातन परंपरा में भगवान शिव और भगवान विष्णु के बीच समन्वय और सृष्टि के संचालन की धार्मिक मान्यता को दर्शाता है।

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular