महिला आरक्षण बिल पास न होने पर कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ भाजपा की जन आक्रोश यात्रा

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो पाने के बाद से ही, BJP एक्टिव हो गई है और विपक्षी दलों पर लगातार हमलावर है। भारत के कई राज्यों में कांग्रेस एवं अन्य सहयोगी पार्टियों के विरोध में रैलियां और विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

महिला आरक्षण बिल पास न होने पर कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ भाजपा की जन आक्रोश यात्रा

आज उत्तर प्रदेश में जन आक्रोश महिला पदयात्रा हुई, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

Share:

Highlights

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुसार, कांग्रेस और सपा की विचारधारा और उनके काम महिला-विरोधी हैं।
  • इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा की सपा जल्द ही महिला आरक्षण बिल के विरोध का परिणाम देखेगी।
  • सांसद पंकज चौधरी ने बताया की विपक्ष ने संसद में महिलाओं के आरक्षण की हत्या कर दी।

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो पाने के बाद से ही, भाजपा एक्टिव हो गई है और विपक्षी दलों पर लगातार हमलावर है। भारत के कई राज्यों में कांग्रेस एवं अन्य सहयोगी पार्टियों के विरोध में रैलियां और विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कल ही मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी "जन आक्रोश महिला पदयात्रा" हुई, जिसमें दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्री समेत कई अन्य दिग्गज नेता भी शामिल हुए। इसी कड़ी में आज उत्तर प्रदेश में भी जन आक्रोश महिला पदयात्रा हुई, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा, "आज बहनों के नेतृत्व में निकाला गया यह विरोध मार्च पूरे देश, विशेषकर आधी आबादी के बीच कांग्रेस, SP, TMC और DMK की महिला आरक्षण विरोधी नीतियों के खिलाफ उमड़े आक्रोश का प्रतीक बनेगा। आज हजारों बहनें इस विरोध मार्च में शामिल होने के लिए यहां आई हैं। कांग्रेस और SP की विचारधारा और उनके काम महिला-विरोधी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें अपनी महिला-विरोधी छवि को सुधारने का जो मौका दिया था, उसका उन्होंने गलत फायदा उठाया है। यही वजह है कि देश की आधी आबादी उनके खिलाफ हमारे आंदोलनों का साथ दे रही है।"

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी कहा कि SP ने जो विरोध किया है, अब वह उसका परिणाम देखेगी और उसके नतीजे भुगतेगी। इस दौरान पंकज चौधरी ने भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "महिलाओं में बहुत गुस्सा है। महिलाओं का उत्थान, महिलाओं का सम्मान, यही BJP की पहचान है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, हमारी सरकार लगातार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" का उद्देश्य देश की माताओं और बहनों को नेतृत्व का अधिकार देना था, ताकि महिलाएं संसद और राज्य विधानसभाओं में 33% सीटों पर चुनाव लड़ सकें।"

उन्होंने आगे कहा, "महिलाओं के आरक्षण से किसी को कोई नुकसान नहीं होगा, यही बात गृह मंत्री ने उस दिन लोकसभा में अपने भाषण में कही थी। उद्देश्य साफ था, 33% महिलाएं चुनी जाएंगी और देश को विकसित बनाने में योगदान देंगी। इसके बावजूद, विपक्ष ने इसी वजह से संसद में महिलाओं के आरक्षण की हत्या कर दी। SP और कांग्रेस लगातार महिलाओं के आरक्षण का विरोध करते रहे हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि अगर महिलाएं आगे बढ़ेंगी, तो उनके परिवार की जड़ें हिल जाएंगी।"

रिलेटेड टॉपिक्स