मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर कांग्रेस नेताओं का दिल्ली में सत्याग्रह, राष्ट्रपति को बताया भाजपा एजेंट

इस सत्याग्रह से पूर्व, आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ऑफिस में एक प्रेस वार्ता भी हुई, जिसमें मीनाक्षी नटराजन के अलावा जीतू पटवारी, अजय अर्जुन सिंह और कमलेश्वर सहित कुछ अन्य लोग भी उपस्थित रहे। इस प्रेस वार्ता में मीनाक्षी नटराजन ने विस्तार से अपनी बात रखी।

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर कांग्रेस नेताओं का दिल्ली में सत्याग्रह, राष्ट्रपति को बताया भाजपा एजेंट

जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

Share:

Highlights

  • इस प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की पुलिस के साथ बहस भी हुई।
  • कांग्रेस नेताओं ने आज राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था, लेकिन तब तक वो उत्तराखंड के लिए उड़ान भर चुकी थी।
  • सुप्रीम कोर्ट ने मीनाक्षी नटराजन द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया है।

मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद, आज प्रदेश कांग्रेस नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। राजधानी में पार्टी के नेता नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में सत्याग्रह कर रहे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने X हैंडल पर कुछ तस्वीरें भी शेयर की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "लड़ेंगे, जीतेंगे! संविधान, लोकतंत्र और न्याय की रक्षा के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल तैयार है।" आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ऑफिस में एक प्रेस वार्ता भी हुई, जिसमें मीनाक्षी नटराजन के अलावा जीतू पटवारी, अजय अर्जुन सिंह और कमलेश्वर सहित कुछ अन्य लोग भी उपस्थित रहे। इस प्रेस वार्ता में मीनाक्षी नटराजन ने विस्तार से अपनी बात रखी।

जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा था। लेकिन उस समय तक राष्ट्रपति मुर्मू उत्तराखंड के लिए उड़ान भर चुकी थी, जिस कारण वो राष्ट्रपति से नहीं मिल सके। आज जंतर-मंतर पर सत्याग्रह कर रहे नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। स्थानीय पुलिस द्वारा प्रदर्शन स्थल पर बैरिकेड्स भी लगाए थे। इस प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की पुलिस के साथ तीखी बहस हुई, जो उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश कर रही थी। आखिरकार उन्हें खींचकर पुलिस बस में डाला गया। हिरासत से पूर्व उन्होंने कहा कि यदि निर्वाचन आयोग और राष्ट्रपति उनकी बात नहीं सुनेंगे, यदि हमें सड़क पर आने नहीं दिया जाएगा, तो हम जेल जाने को भी तैयार हैं।

मध्य प्रदेश में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने राष्ट्रपति मुर्मू पर आरोप लगाते हुए कहा, "वो देश की राष्ट्रपति हैं, न कि किसी पार्टी की। जिस तरह से उन्होंने न मिलने के बारे में ईमेल भेजा, उससे साफ है कि वह भाजपा के एजेंट के तौर पर काम कर रही हैं। क्या राष्ट्रपति लोकतंत्र को बचाना नहीं चाहतीं?" ताजा घटनाक्रम में सुप्रीम कोर्ट ने मीनाक्षी नटराजन की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उनके नामांकन पत्र रद्द किए जाने को चुनौती दी गई थी। कोर्ट ने कहा, "हम इस याचिका पर विचार करने के इच्छुक नहीं हैं और इसे खारिज किया जाता है।"

रिलेटेड टॉपिक्स