कैबिनेट बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर, बंदरगाह, एयरपोर्ट और डाक विभाग के लिए 19,934 करोड़ की परियोजनाओं को मिली मंजूरी

केंद्रीय रेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल और आर्थिक कार्य संबंधी मंत्रिमंडल समिति (CCEA) की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। बैठक में कुल 19,934 करोड़ के 5 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है।

कैबिनेट बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर, बंदरगाह, एयरपोर्ट और डाक विभाग के लिए 19,934 करोड़ की परियोजनाओं को मिली मंजूरी

अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल और CCEA की बैठक में लिए गए निर्णयों की दी जानकारी।

Share:

Highlights

  • भारी निर्माण मशीनों को देश में ही बनाने के लिए 11,000 करोड़ की योजना मंजूर हुई है।
  • कामराजर पोर्ट पर 4,288 करोड़ से कंटेनर टर्मिनल और असम के डोलू में 2,014 करोड़ से एयरपोर्ट बनेगा।
  • डाक सेवाओं और इमारतों को आधुनिक बनाने के लिए कुल 2,632 करोड़ मंजूर किए गए है।

केंद्रीय रेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल और आर्थिक कार्य संबंधी मंत्रिमंडल समिति (CCEA) की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। बैठक में कुल 19,934 करोड़ के 5 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है।

इनमें कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (CIE) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम स्कीम (11,000 करोड़), कामराजर पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल का निर्माण (4,288 करोड़), असम के डोलू में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की स्थापना (2,014 करोड़), तथा डाक विभाग के अंतर्गत पोस्टल ऑपरेशन्स स्कीम (1,141 करोड़) और एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम (1,491 करोड़) शामिल हैं।

CIE मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम योजना को मिली हरी झंडी

पहले निर्णय के तहत, मंत्रिमंडल ने कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (CIE) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम से जुड़ी योजना को मंजूरी दी है। अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह योजना फाइनेंशियल ईयर (FY) 2026-27 से 2033-34 तक लागू रहेगी। उनके अनुसार, भारतीय CIE उद्योग बाजार आकार के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है, जिसका मूल्य FY 2024-25 में 97,000 करोड़ दर्ज किया गया। 

हालांकि इसके लगभग 45 प्रतिशत हिस्से के लिए आयात पर निर्भरता है। इस योजना का लक्ष्य उन्नत CIE के क्षेत्र में घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाना है। इसमें उपकरणों की ऐसी सात श्रेणियों को शामिल किया गया है जिनका वर्तमान में बड़े पैमाने पर आयात किया जाता है। इनमें टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाइवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन शामिल हैं।

कामराजार पोर्ट में PPP मॉडल से बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल

दूसरे निर्णय में, सरकार ने कामराजर पोर्ट लिमिटेड (KPL) में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ऑपरेट और ट्रांसफर (DBFOT) आधार पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को स्वीकृति दी है।

दो चरणों में पूरी होने वाली इस परियोजना के अंतर्गत 18 मीटर के डिजाइन ड्राफ्ट के साथ 900 मीटर लंबा टर्मिनल बनाया जाएगा, जिसकी वार्षिक क्षमता 2 मिलियन TEU निर्धारित की गई है। इस विस्तार का उद्देश्य समुद्री लॉजिस्टिक्स व्यवस्था में सुधार करना, व्यापार व विनिर्माण गतिविधियों को सहारा देना और बंदरगाह के राजस्व को बढ़ाना है।

असम के डोलू में बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

तीसरे निर्णय के तहत, CCEA ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा असम के सिलचर स्थित डोलू में 2,014 करोड़ की अनुमानित लागत से एक नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने की मंजूरी दी है। यह फैसला सिलचर के मौजूदा डिफेंस सिविल एन्क्लेव में स्थान की कमी, परिचालन संबंधी बाधाओं और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया गया है।

असम के कछार जिले में स्थित डोलू, बराक घाटी का एक प्रमुख केंद्र है, जो चाय बागानों, कृषि-आधारित उद्योगों और पर्यटन गतिविधियों के लिए जाना जाता है। परियोजना के तहत 12,351 वर्ग मीटर क्षेत्र में एक टर्मिनल भवन बनाया जाएगा, जिसकी क्षमता व्यस्त समय में 800 यात्रियों को संभालने की होगी। इसे ग्रीन बिल्डिंग मानकों और भविष्य में विस्तार की संभावना (मॉड्यूलर डिजाइन) के साथ तैयार किया जाएगा।

इसके अलावा, यहां A-320 श्रेणी के विमानों के परिचालन के लिए 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा (कोड-4C) रनवे, 6 A-320 विमानों की पार्किंग क्षमता वाला एप्रन और एक आइसोलेशन बे भी निर्मित किया जाएगा। यह परियोजना दक्षिण असम और पड़ोसी राज्यों में हवाई यातायात की मांग को पूरा करने तथा मौजूदा एयरपोर्ट का दबाव कम करने के उद्देश्य से लाई गई है।

डाक संचालन योजना को 2030-31 तक मिली मंजूरी

चौथे फैसले के रूप में, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 16वें फाइनेंस कमीशन साइकिल (FY 2026-27 से 2030-31) के दौरान 1,141 करोड़ के परिव्यय (Outlay) के साथ केंद्रीय क्षेत्र की योजना डाक संचालन (Postal Operations) को जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य पोस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण करना, लास्ट-माइल कनेक्टिविटी बढ़ाना और परिचालन दक्षता में सुधार लाना है। इसके तहत लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स और डिजिटल सेवा वितरण का विस्तार किया जाएगा, ताकि वित्तीय समावेशन और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं की पहुंच को बढ़ाया जा सके।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एस्टेट्स मैनेजमेंट योजना को दी मंजूरी

डाक विभाग से जुड़े पांचवें फैसले में, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्रीय क्षेत्र की योजना एस्टेट्स मैनेजमेंट को भी 16वें फाइनेंस कमीशन साइकिल के लिए जारी रखने की स्वीकृति दी है। इसके तहत आगामी पांच वर्षों में 1,491 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस योजना का लक्ष्य डाकघरों व आवासीय परिसरों के निर्माण, पुनर्निर्माण और नवीनीकरण के साथ-साथ मानकीकृत ब्रांडिंग तथा ऐतिहासिक डाक इमारतों के संरक्षण के माध्यम से विभाग के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण करना है।

रिलेटेड टॉपिक्स