हैदराबाद में खेले जा रहे एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इटली को 1-0 से हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ महिला हॉकी विश्व कप में भी अपनी जगह बना चुकी है। अब शनिवार 14 मार्च को होने वाले फाइनल में भारत का सामना इस प्रतियोगिता में अजेय रही इंग्लैंड से होगा। इटली के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला काफी कड़ा रहा। दोनों ही टीमों के बीच शुरूआत से ही जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। भारत के लिए इकलौता और निर्णायक गोल मनीषा चौहान ने 40वें मिनट में दागा। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को जोरदार ड्रेगफ्लिक के जरिए गोल में बदला।
इटली ने मैच के अंतिम मिनटों में अपना पूरा जोर लगा दिया और 59वें मिनट में एक महत्वपूर्ण पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन भारत ने अपने प्रतिद्वंद्वी को बराबरी का गोल करने से रोक दिया। भारतीय गोलकीपर बिचू देवी खारिबम ने शानदार बचाव करते हुए भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। अब फाइनल में भारत की भिड़ंत मजबूत इंग्लैंड से होगी। इंग्लैंड की टीम ने स्कॉटलैंड को सेमीफाइनल में 2-0 से हराकर फाइनल का रास्ता तय किया है। भारत के पास घरेलू स्टेडियम और दर्शकों के समर्थन का बड़ा फायदा रहेगा। भारत और इंग्लैंड के अलावा ऑस्ट्रेलिया और चिली जैसी टीमों ने भी बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले महिला एफआईएच हॉकी विश्व कप के लिए क्वालिफाय कर लिया है। ये विश्व कप 14 से 30 अगस्त तक खेला जाएगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच ये हाई-वोल्टेज फाइनल महामुकाबला 14 मार्च को 7.30 बजे हैदराबाद के जी. एम. सी. बालयोगी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि टीम घरेलू जमीन पर खिताबी जीत दर्ज कर इतिहास रचेगी। भारतीय टीम भी यही चाहेगी कि विश्व कप के लिए रवाना होने से पूर्व इस प्रतियोगिता का शानदार समापन हो।