भारत-पाक क्रिकेट विवाद : पुरुषों का बहिष्कार, महिला टीम खेलने को तैयार

दिलचस्प बात यह है कि भारत और पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच भी 15 फरवरी को ही विश्व कप का मुकाबला प्रस्तावित है, जिसे लेकर काफी खींचतान चल रही है।

भारत-पाक क्रिकेट विवाद : पुरुषों का बहिष्कार, महिला टीम खेलने को तैयार

महिला टीमों का मुकाबला 15 फरवरी को ‘वूमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स’ के दौरान बैंकॉक में खेला जाएगा।

Share:

Highlights

  • टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान पुरुष टीम का भारत के साथ खेलने से इंकार।
  • इसके उलट महिला टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
  • पुरुष क्रिकेट विवाद के बीच महिला क्रिकेट पर कोई रोक अथवा विरोध नहीं।

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान पर हमेशा से एक अलग ही रोमांच देखने को मिलता है। लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। ताज़ा उदाहरण टी-20 विश्व कप 2026 से जुड़ा है, जहां पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने घोषणा की है कि उनकी टीम प्रतियोगिता में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी।

लेकिन इस पूरे विवाद के बीच एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां एक तरफ पुरुष टीम को भारत के खिलाफ खेलने से मना किया गया है, वहीं पाकिस्तान की महिला ‘ए’ टीम बिना किसी रुकावट भारत की 'ए' टीम के खिलाफ मैदान में उतरने को तैयार है। यह मुकाबला 15 फरवरी को ‘वूमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स’ के दौरान बैंकॉक में खेला जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि भारत और पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच भी 15 फरवरी को ही विश्व कप का मुकाबला प्रस्तावित है, जिसे लेकर काफी खींचतान चल रही है।

पाकिस्तान पहले ही कह चुका है कि वह विश्व कप में भारत के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले का बहिष्कार करेगा। हालांकि ऐसा करने पर उसे करोड़ों रुपये का हर्जाना भी भरना पड़ सकता है। पुरुषों के मुकाबले को लेकर मचे घमासान के बावजूद महिलाओं के टूर्नामेंट पर पाकिस्तान का रवैया बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। PCB या सरकार की ओर से महिला टीम को नाम वापस लेने या किसी तरह के विरोध का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।

जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले अंडर-19 विश्व कप में पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर उतरी थी, जहां भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से शिकस्त दी और उन्हें प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में भी पहुंच गया। अब भारत का मुकाबला 4 फरवरी को अफगानिस्तान के साथ होगा।

अब सभी की नजरें 15 फरवरी पर टिकी होंगी। देखना दिलचस्प होगा कि महिला टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला बिना किसी परेशानी के संपन्न होता है या पुरुषों के विवाद का साया इस मैच पर भी पड़ता है। सिर्फ पुरुषों के मुकाबलों में पाकिस्तान का यह सुविधाजनक आक्रोश समझ से परे है। पहले धमकियां दी जाती हैं कि हम नहीं खेलेंगे और जब ICC किसी कार्रवाई की बात करता है, तो अंत में चुपचाप खेलना ही पड़ता है। ऐसे में बिना किसी नाटक के खेल लेना ही बेहतर होता, लेकिन पता नहीं बार-बार खुद का अपमान करवाने में उन्हें क्या आनंद मिलता है।

रिलेटेड टॉपिक्स