मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज, 23 नवंबर को कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में युवाओं, ग्रामीण विद्युतीकरण, सहकारिता और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार कश्यप ने मीडिया को कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
2027 को युवा वर्ष, साल में दो बार होगी MPPSC परीक्षा
बैठक में युवाओं को लेकर सरकार की योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया। प्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। सरकार की ओर से इसके लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किए जाने की जानकारी भी दी गई है। इस व्यवस्था से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को राज्य सेवा में शामिल होने के अधिक अवसर मिल सकेंगे।
1,834 बस्तियों-इलाकों के 46,500 घरों तक पहुंचेगी बिजली
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की सुविधा से वंचित परिवारों को राहत देने के लिए कैबिनेट ने 193 करोड़ रुपये की विद्युतीकरण योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत 20 से अधिक घरों वाली आबादी के 1,834 बस्तियों और इलाकों में स्थित लगभग 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इस योजना में केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त हिस्सेदारी रहेगी। वहीं, 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में विद्युतीकरण का खर्च राज्य सरकार अपने बजट से उठाएगी।
नौ जिला सहकारी बैंकों को मिलेगी अंश पूंजी
सहकारिता क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए सरकार ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने का फैसला किया है। इसके तहत रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये की अतिरिक्त अंश पूंजी दी जाएगी। वहीं, चार नए जिला सहकारी बैंकों रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी को 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे इन बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
PACS और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल टले
कैबिनेट ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए स्थगित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। दरअसल, प्रदेश में नई PACS समितियों के गठन और मौजूदा समितियों के परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है। इसे पूरा करने के लिए चुनाव आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। PACS चुनाव पूरे होने के बाद जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी कराए जाएंगे।
खनिज राजस्व बढ़ाने का लक्ष्य 30 हजार करोड़ रुपये
प्रदेश में खनिज संसाधनों से होने वाली आय बढ़ाने के लिए भी सरकार की योजना पर चर्चा हुई। राज्य सरकार ने खनिज राजस्व को बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर राज्य खनिज निगम के माध्यम से सर्वे कराया जाएगा। साथ ही पुराने भू-वैज्ञानिक आंकड़ों का विश्लेषण कर नए खनिज भंडारों की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इस काम पर प्रतिवर्ष लगभग 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
दिसंबर में होंगे दो चिंतन शिविर
प्रदेश सरकार अपने तीन साल के कामकाज की समीक्षा करने और आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके तहत 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन शिविर आयोजित होगा। इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर प्रस्तावित है। इसमें वर्ष 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आगामी दो वर्षों की योजनाओं और प्राथमिकताओं पर चर्चा की जाएगी।