पहलगाम हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा भारत आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा

आतंकियों ने पर्यटकों से उनके नाम और धर्म पूछे और विशेष रूप से उन लोगों को निशाना बनाया जो हिंदू थे। निर्दोष मृतकों में महाराष्ट्र के 6, गुजरात और कर्नाटक के 3-3, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के 2-2 तथा आंध्र प्रदेश, अरूणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ व हरियाणा जैसे राज्यों के 1-1 लोग शामिल थे।

पहलगाम हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा भारत आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा

भारतीय सेना ने X पर तस्वीर शेयर की, जिसमें लिखा है की ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है।

Share:

Highlights

  • 22 अप्रैल 2025 को द रेजिस्टेंस फ्रंट द्वारा पहलगाम आतंकी हमले को अंजाम दिया गया था।
  • इस हमले में 26 निर्दोष नागरिक मारे गए और करीब 20 लोग घायल हो गए थे।
  • इसका करारा जवाब देते हुए भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए।

जम्मू-कश्मीर स्थित पहलगाम में हुए उस आतंकी हमले को आज एक साल पूरा हो गया है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "पिछले साल इसी दिन पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। एक राष्ट्र के रूप में, हम शोक और दृढ़ संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के घिनौने मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।"

बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा (LeT) के प्रॉक्सी ग्रुप द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) द्वारा इस नापाक हमले को अंजाम दिया गया था। इस हमले में करीब 26 निर्दोष नागरिक मारे गए और 20 लोग घायल हो गए थे। मृतकों में अधिकांश लोग पर्यटक थे, जो वहां घूमने आए थे। आतंकियों ने पर्यटकों से उनके नाम और धर्म पूछे और विशेष रूप से उन लोगों को निशाना बनाया जो हिंदू थे। निर्दोष मृतकों में महाराष्ट्र के 6, गुजरात और कर्नाटक के 3-3, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के 2-2 तथा आंध्र प्रदेश, अरूणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ व हरियाणा जैसे राज्यों के 1-1 लोग शामिल थे।

इस आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए इंडियन आर्म्ड फोर्सेज द्वारा 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। इस ऑपरेशन में भारत ने पाकिस्तान और PoJK में LeT, जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और हिजबुल मुजाहिदीन (HM) के ठिकानों को निशाना बनाते हुए 9 बड़े आतंकी लॉन्चपैड को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। भारत की 'मोस्ट वांटेड' सूची में शामिल कई बड़े आतंकी एक ही रात में मार गिराए गए, जिससे उनके प्रमुख ऑपरेशनल मॉड्यूल क्षतिग्रस्त हो गए। मारे गए आतंकियों में यूसुफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदस्सिर अहमद शामिल हैं। इन लोगों का संबंध IC-814 विमान अपहरण और पुलवामा हमले से था।

आज भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी X पर अपने ट्वीट में लिखा, "22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए, मैं उन्हें अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। हम उनके प्रियजनों और परिवारों के गहरे दुख में उनके साथ हैं। हम अपने राष्ट्र को दिए गए उन जख्मों को कभी नहीं भूलेंगे। भारत ने दशकों तक सीमा पार से होने वाले आतंकवाद का सामना किया है, लेकिन आज हमारी प्रतिक्रिया दृढ़, निर्णायक और अडिग है। अपने दृढ़ कार्यों के माध्यम से, हमने यह साबित कर दिया है कि हमारे लोगों को नुकसान पहुँचाने या हमारी एकता को तोड़ने के किसी भी प्रयास का जवाब पूरी शक्ति और स्पष्टता के साथ दिया जाएगा।" आज भारतीय सेना ने भी X पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें लिखा है कि "ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है।"

रिलेटेड टॉपिक्स