एआई समिट हंगामे पर सियासी संग्राम : देश भर में भाजपा-कांग्रेस आमने सामने

भाजपा के विरोध प्रदर्शन केवल राजधानी दिल्ली तक ही सीमित नहीं रहे। दिल्ली के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी प्रदर्शन हो रहे हैं।

एआई समिट हंगामे पर सियासी संग्राम : देश भर में भाजपा-कांग्रेस आमने सामने

दिल्ली में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन।

Share:

Highlights

  • AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद भाजपा ने देशभर में विरोध किया।
  • इंदौर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और पथराव हुआ।
  • कई राज्यों में प्रदर्शन के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई।

दिल्ली में इस वक्त राजनीति काफी गरमाई हुई है। हाल ही में हुए "इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट" में भारतीय यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जो हंगामा किया, उसके बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शनिवार 21 जनवरी को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। ये पूरा मामला शुक्रवार को शुरू हुआ था, जब दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट चल रहा था। इस आयोजन में दुनियाभर के दिग्गज और एक्सपर्ट्स भी शामिल हुए थे। इसी दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता वहां घुस आए और अपनी टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने लगे। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि सरकार कुछ ट्रेड डील्स के जरिए देश के हितों के साथ समझौता कर रही है।

भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे शर्मनाक और देश की छवि बिगाड़ने वाला बताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि जब पूरी दुनिया की नजरें भारत पर है, तब कांग्रेस के कार्यकर्ता इस प्रकार का व्यवहार करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का अपमान कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को "देशद्रोह" का कृत्य करार दिया। इनके अलावा पुरी से सांसद डॉ. संबित पात्रा ने तो कांग्रेस पार्टी को शेमलेस, टॉपलेस और ब्रेनलेस तक कह दिया। इतना ही नहीं उन्होंने राहुल गांधी को सबसे बड़ा गद्दार भी कहा। उनका कहना है कि ये सब राहुल गांधी के इशारे पर किया गया ताकि भारत की छवि को बिगाड़ा जा सके।

भाजपा के ये केवल प्रदर्शन राजधानी दिल्ली तक ही सीमित नहीं रहे। दिल्ली के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी प्रदर्शन हुए। महाराष्ट्र के मुलुंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए। वे एक मामले में पेशी के लिए भिवंडी कोर्ट जा रहे थे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, "कांग्रेस अब भाजपा का विरोध करते करते देश का भी विरोध करने लगी है। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान राहुल गांधी के कहने पर उनके कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर जो प्रदर्शन किया, मैं उसकी कड़ी निंदा करता हूं। कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।" मध्य प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी कहा कि जिस मंच पर भारत अपनी उपलब्धियों का परचम लहरा रहा था, उसी मंच को कांग्रेस ने तमाशे में बदलने की कोशिश की।

मध्य प्रदेश के इंदौर में भाजपा के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और पत्थरबाजी भी हुई। इस दौरान पानी की बोतलें और टमाटर भी फेंके गए। जानकारी के मुताबिक, इस पथराव में भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता और एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए हैं। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को पानी की बौछारों का प्रयोग भी करना पड़ा। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और विधायक रमेश मेंदोला व गोलू शुक्ला कांग्रेस के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पुलिस थाने भी पहुंचे। फिलहाल इस मामले को लेकर दोनों पार्टियों के बीच पारा काफी चढ़ा हुआ है।

रिलेटेड टॉपिक्स