झारखंड की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां राज्यसभा की दोनों ही सीटों पर नामांकन भरे जा चुके हैं। एक सीट पर कांग्रेस के प्रणव झा तथा दूसरी सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बैद्यनाथ राम ने नॉमिनेशन कर दिया है। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पार्टी का कोई उम्मीदवार तो नहीं उतारा है, मगर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी को अपना समर्थन दिया है। नाथवानी कुछ देर पहले, विधानसभा सचिवालय में अपना नामांकन भी दाखिल कर चुके हैं।
बैद्यनाथ राम लातेहार सीट से JMM, BJP और जनता दल-यूनाइटेड (JDU) से तीन बार विधायक रह चुके हैं। परिमल नाथवानी इंडिपेंडेंट कैंडिडेट के तौर पर 2008 से 2020 तक झारखंड से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। वो 2020 से 2026 तक, आंध्र प्रदेश से YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के उम्मीदवार के तौर पर भी सदन में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कुछ अन्य राज्यों से भी ऐसी ही खबरें सामने आ रही हैं। मणिपुर से BJP की प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने भी नामांकन दाखिल कर दिया है। अगर वह विजयी होती हैं, तो शारदा देवी राज्यसभा में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाली मणिपुर की पहली महिला बनेंगी।
नामांकन के दौरान उनके साथ मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह और इस वर्ष रिटायर हो रहे MP लैशेम्बा सनाजाउबा समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित थे। इस दौरान ए. शारदा देवी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "राज्यसभा के लिए मेरी उम्मीदवारी की घोषणा करने और मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और पार्टी अध्यक्ष का धन्यवाद करती हूं। मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं मणिपुर के लोगों और राज्य के विकास के लिए पूरी लगन से काम करूंगी।"
आंध्र प्रदेश की बात करें, तो तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के तीन उम्मीदवारों भाष्यम् राम कृष्ण, सी. विजय और सना सतीश बाबू ने भी नॉमिनेशन दाखिल कर दिया है। इसी प्रदेश की चौथी सीट पर, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (JSP) द्वारा लिंगमनेनी रमेश को उतारा गया है। मेघालय से मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के भाई और नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) के नेता जेम्स संगमा और अरूणाचल प्रदेश से BJP के ताई तागाक ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।