सभी देवी-देवताओं में प्रथम-पूज्य माने जाने वाले भगवान गणेश की पूजा के लिए हर महीने संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखा जाता है। संकष्टी चतुर्थी हर माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाई जाती है। इस दिन श्रद्धालु भगवान गणेश से अपने विघ्नों को हरने और मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना करते हैं। पंचांग के अनुसार अगहन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 27 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 9 बजकर 48 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन अगले दिन यानी 28 नवंबर को सुबह 6 बजकर 40 मिनट पर होगा।
इस दिन मुख्य रूप से भगवान गणेश की पूजा की जाती है और शाम को चंद्रोदय के समय चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है। इस दिन भगवान गणेश के गणाधिप स्वरूप की आराधना की जाती है। मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन की बाधाओं का नाश होता है और मनुष्य को कष्टों से मुक्ति मिलती है। कई स्थानों पर माताएं अपनी संतान की मंगलकामना, अच्छी सेहत और लंबी आयु के लिए भी संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखती है।
व्रत के दिन सूर्योदय से पूर्व उठकर स्नान करें और पीले या लाल रंग के वस्त्र धारण करें। इसके बाद सच्चे मन से भगवान गणेश का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें। व्रत संकल्प के लिए हाथ में अक्षत, फूल और जल लेकर भगवान गणेश का ध्यान करें। अपनी क्षमता के अनुसार निर्जला या फलाहार व्रत रखने का संकल्प लिया जा सकता है।
पूजा के लिए सबसे पहले भगवान गणेश की मूर्ति या तस्वीर को लकड़ी की चौकी पर स्थापित करें। चौकी पर पीला या लाल वस्त्र बिछाएं। पूजा घर में उत्तर या पूर्व दिशा की ओर मुख करके बैठें। इसके बाद गंगाजल छिड़ककर पूजा स्थल और भगवान गणेश की प्रतिमा को शुद्ध करें। भगवान गणेश के समक्ष घी का दीपक जलाएं और उन्हें रोली, हल्दी, कुमकुम, अक्षत और चंदन अर्पित करें। इसके साथ भगवान गणेश को दूर्वा की 21 गांठें, लाल-पीले फूल और जनेऊ अर्पित करें।
पूजा में भगवान गणेश को मोदक या तिल के लड्डू, केला और पान-सुपारी का भोग लगाएं। इसके बाद "ॐ गं गणपतये नमः" मंत्र का जाप करें। संकष्टी चतुर्थी व्रत कथा का पाठ करने के बाद भगवान गणेश की आरती करें। कई लोग इस दिन भगवान गणेश से संबंधित भजन गाकर भी उनकी आराधना करते हैं। मान्यता है कि "गणेश अष्टोत्र" और "वक्रतुण्ड महाकाय" मंत्र का जाप भी विशेष फलदायी होता है।
चंद्रोदय होने पर तांबे या पीतल के लोटे में जल, दूध, अक्षत और फूल डालकर चंद्रमा को अर्घ्य दें। इसके बाद धूप-दीप दिखाकर भगवान गणेश के समक्ष अपनी मनोकामना रखें। पूजा-विधि पूरी होने के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण करें।
ध्यान रखें की व्रत के दिन तामसिक भोजन से परहेज करें और मन में नकारात्मक भाव न आने दें। सच्चे मन और श्रद्धा के साथ भगवान गणेश की आराधना करने से जीवन के संकट दूर होने और मनोकामनाओं की पूर्ति की मान्यता है।