काल भैरव जयंती 1 दिसंबर को, जानें पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और धार्मिक महत्व

1 दिसंबर को काल भैरव जयंती मनाई जाएगी। भगवान शिव के उग्र रूप काल भैरव की पूजा से सुख-शांति और सकारात्मकता की प्राप्ति की मान्यता है।

काल भैरव जयंती 1 दिसंबर को, जानें पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और धार्मिक महत्व

मार्गशीर्ष मास की कृष्ण पक्ष अष्टमी को श्री काल भैरव जयंती मनाई जाती है।

Share:

Highlights

  • 1 दिसंबर को मनाई जाएगी काल भैरव जयंती।
  • काल भैरव को भगवान शिव का उग्र रूप माना जाता है।
  • काले तिल, उड़द, जलेबी और गुड़ का भोग अर्पित करें।

भगवान काल भैरव को भगवान शिव का उग्र रूप माना जाता है। वे भगवान शिव के न्यायप्रिय और रक्षक स्वरूप हैं। काल भैरव की पूजा के लिए कालाष्टमी का विशेष महत्व होता है। कालाष्टमी प्रत्येक माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर मनाई जाती है। इस दिन विधि-विधान से काल भैरव की पूजा-अर्चना और व्रत करने से जीवन के दुखों का नाश होता है और भगवान काल भैरव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

साल 2026 की मुख्य और आगामी कालाष्टमी 1 दिसंबर, मंगलवार को है, जिसे काल भैरव जयंती के रूप में मनाया जाएगा। भक्त इस दिन काल भैरव की पूजा-अर्चना कर उनकी विशेष कृपा प्राप्त कर सकते है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन की गई उपासना राहु दोष के प्रभाव को कम करने में भी सहायक मानी जाती है, जिससे जीवन में सुख-शांति और सकारात्मकता बनी रहती है। तंत्र साधना करने वालों के लिए भी यह दिन काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।

हिंदू पंचांग के अनुसार मार्गशीर्ष या अगहन मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 1 दिसंबर की रात 12:25 बजे शुरू होगी, जबकि इसका समापन 2 दिसंबर की रात 11:13 बजे होगा। उदयातिथि के कारण कालाष्टमी का पूजा-व्रत 1 दिसंबर को रखा जाएगा। इस दिन भक्त भगवान काल भैरव की पूजा कर उनकी विशेष कृपा प्राप्त कर सकते हैं।

शिवपुराण की कथा के अनुसार एक बार ब्रह्मदेव और श्रीहरि विष्णु के बीच श्रेष्ठता को लेकर विवाद हुआ। दोनों में यह प्रतिस्पर्धा होने लगी कि कौन अधिक श्रेष्ठ है। विवाद इतना बढ़ गया कि इसका समाधान निकालने के लिए महादेव ने स्वयं देवताओं और ऋषि-मुनियों की सभा बुलाई। सभा में विचार-विमर्श के बाद जो परिणाम सामने आया, उसे भगवान विष्णु ने सहजता से स्वीकार कर लिया, लेकिन ब्रह्मदेव संतुष्ट नहीं हुए। क्रोध में आकर ब्रह्मदेव ने भगवान शिव का अपमान करना शुरू कर दिया।

महादेव भी अपना अपमान सहन नहीं कर पाए और बेहद क्रोधित हो गए। क्रोध में भगवान शिव ने अपना रौद्र रूप धारण किया। इसी क्रोध से काल भैरव का प्राकट्य हुआ। वे एक श्वान पर सवार थे और उनका रूप अत्यंत भयंकर था। उनके हाथ में दंड था, जिसके कारण उन्हें दण्डाधिपति भी कहा जाता है। काल भैरव ने क्रोध में ब्रह्मा जी के उस सिर को काट दिया, जिससे वे भगवान शिव का अपमान कर रहे थे। ब्रह्मदेव के इसी सिर को उनका पांचवां सिर कहा जाता है। इस प्रकार ब्रह्मदेव का अहंकार नष्ट हुआ और उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। 

जिस दिन काल भैरव का प्राकट्य हुआ, उस दिन कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि थी। इसलिए इस दिन से हर माह की अष्टमी तिथि को कालाष्टमी के रूप में मनाया जाता है। कालाष्टमी के दिन सुबह स्नान आदि कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद भगवान शिव और भगवान काल भैरव का ध्यान कर पूजा का संकल्प लें। भगवान के समक्ष सरसों के तेल का दीपक जलाएं और पुष्प सहित पूजन सामग्री अर्पित करें। भगवान काल भैरव की मूर्ति या तस्वीर का गंगाजल, दूध, दही, शहद और घी से अभिषेक करें। भगवान को काले तिल, काली उड़द, सुपारी, लौंग और नारियल चढ़ाएं। भोग में जलेबी, इमरती, गुड़ और लड्डू अर्पित करें।

पूजा के दौरान ॐ कालभैरवाय नमः या ॐ ह्रीं बटुकाय नमः मंत्र का जाप करें। इसके साथ ही भैरव चालीसा का पाठ कर अंत में आरती करें। इसके बाद श्रद्धा के साथ भगवान काल भैरव का ध्यान कर अपनी मनोकामना व्यक्त करें। इस दिन जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और कंबल या भोजन का दान करना भी शुभ माना जाता है।

कालाष्टमी के दिन काले श्वान को मीठी रोटी, दूध या दही खिलाना भी बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्वान भगवान काल भैरव का वाहन है। इसलिए इस दिन श्वान को भोजन कराने और उनकी सेवा करने से भगवान काल भैरव प्रसन्न होते हैं। श्वान में सूक्ष्म ऊर्जा और नकारात्मक शक्तियों को भांपने की विशेष क्षमता होने की मान्यता है। वहीं, श्वान बिना किसी स्वार्थ के अपने स्वामी के प्रति वफादार और समर्पित रहता है, जिसे सच्ची भक्ति का प्रतीक माना जाता है।

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular