दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों द्वारा पार्टी छोड़ने के बाद AAP के सीनियर नेताओं द्वारा भविष्य की रणनीति पर चर्चा

अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह पहले ही X पर एक पोस्ट में लिख चुके हैं कि, "मैं माननीय राज्यसभा सभापति को एक पत्र प्रस्तुत करूँगा, जिसमें राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के कारण राज्यसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी, क्योंकि यह संविधान की दसवीं अनुसूची के अंतर्गत स्वेच्छा से अपनी पार्टी की सदस्यता त्यागने के समान है।"

दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों द्वारा पार्टी छोड़ने के बाद AAP के सीनियर नेताओं द्वारा भविष्य की रणनीति पर चर्चा

राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने नितिन नबीन की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता की ग्रहण।

Share:

Highlights

  • AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कल पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से की मुलाकात।
  • इस मुलाकात के दौरान, दोनों नेताओं ने पार्टी विभाजन के संभावित प्रभाव पर भी की चर्चा।
  • डॉ. संदीप पाठक का पार्टी छोड़ना, AAP के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।

शुक्रवार, 24 अप्रैल को आम आदमी पार्टी (AAP) के दो-तिहाई राज्यसभा सांसद भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो चुके हैं। इसके बाद AAP नेतृत्व द्वारा वर्तमान स्थिति को लेकर विचार-विमर्श जारी है। इसी सिलसिले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और AAP के सीनियर लीडर मनीष सिसोदिया ने कल पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।

मनीष सिसोदिया गुजरात में होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए प्रचार करने राजकोट पहुंचे हुए थे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, "देर रात दिल्ली लौटने के बाद, सिसोदिया एयरपोर्ट से सीधे अरविंद केजरीवाल के घर गए। दोनों नेताओं ने आधे घंटे से अधिक समय तक मुलाकात की। बैठक के दौरान, उन्होंने विभाजन के संभावित प्रभाव और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की।" 

पार्टी सूत्रों ने बताया कि राज्यसभा में AAP के चीफ व्हिप एनडी गुप्ता, राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के खिलाफ राज्यसभा सभापति को पत्र सौंपेंगे। अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह पहले ही X पर एक पोस्ट में लिख चुके हैं कि, "मैं माननीय राज्यसभा सभापति को एक पत्र प्रस्तुत करूँगा, जिसमें राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के कारण राज्यसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने की मांग की जाएगी, क्योंकि यह संविधान की दसवीं अनुसूची के अंतर्गत स्वेच्छा से अपनी पार्टी की सदस्यता त्यागने के समान है।" 

इससे पहले, BJP में शामिल हुए AAP के तीन प्रमुख नेता राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और डॉ. संदीप पाठक कल पार्टी मुख्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने X पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "आज पार्टी मुख्यालय में राघव चड्ढा जी, संदीप पाठक जी और अशोक मित्तल जी का भाजपा परिवार में स्वागत किया। साथ ही, विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में PM श्री नरेंद्र मोदी जी के गतिशील नेतृत्व में काम करने के लिए हरभजन सिंह जी, स्वाति मालीवाल जी, विक्रम साहनी जी और राजिंदर गुप्ता जी को शुभकामनाएं।"

डॉ. संदीप पाठक का पार्टी छोड़ना, AAP के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है। वो 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं और संगठन तथा रणनीतिक मामलों में अरविंद केजरीवाल के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक थे। यूनिवर्सिटी ऑफ कैंब्रिज से PhD करने के बाद संदीप IIT-दिल्ली में प्रोफेसर के तौर पर काम कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त वो गुजरात में पार्टी प्रभारी एवं हिमाचल प्रदेश और पंजाब में AAP के सह-प्रभारी के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

रिलेटेड टॉपिक्स