कार्तिक माह की अमावस्या और पूर्णिमा दोनों का विशेष धार्मिक महत्व होता है। कार्तिक अमावस्या पर जहां दीपावली का पर्व मनाया जाता है, वहीं कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि पूरे कार्तिक माह में किए जाने वाले व्रत, साधना और भक्ति का फल कार्तिक पूर्णिमा के दिन पूर्ण होता है। यह हिंदू धर्म की सबसे पवित्र पूर्णिमा तिथियों में से एक है, जिसे त्रिपुरी पूर्णिमा और त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है। इस दिन भगवान शिव, भगवान विष्णु और ब्रह्मदेव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी और इसी के साथ कार्तिक माह का समापन होगा। पूर्णिमा तिथि का आरंभ 23 नवंबर की रात 11:42 बजे होगा, जबकि इसका समापन 24 नवंबर की रात 8:23 बजे होगा। इस दिन भगवान शिव का रुद्राभिषेक करना और सत्यनारायण कथा का पाठ करना शुभ माना जाता है। साथ ही आंवले के वृक्ष के पास दीप जलाने तथा वस्त्र और अन्न का दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
पौराणिक कथा के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का संहार किया था। त्रिपुरासुर ने अपने आतंक से देवताओं और मनुष्यों को परेशान कर रखा था और स्वर्ग पर अपना अधिपत्य स्थापित कर लिया था। उसे ब्रह्मदेव से ऐसा वरदान प्राप्त था कि उसका वध वही कर सकता था, जो उसके तीनों नगरों को एक साथ नष्ट कर सके। इस वरदान के कारण त्रिपुरासुर को अपनी शक्ति पर घमंड हो गया और उसने तीनों लोकों में आतंक मचा दिया।
त्रिपुरासुर के आतंक से परेशान होकर सभी देवी-देवता भगवान शिव की शरण में पहुंचे और उनसे सहायता की प्रार्थना की। इसके बाद भगवान शिव ने अपने दिव्य धनुष पर एक अद्भुत बाण चढ़ाया और एक ही प्रहार में त्रिपुरासुर के तीनों नगरों का विनाश कर दिया। इसके साथ ही त्रिपुरासुर का भी अंत हो गया। उसकी विजय की खुशी में देवताओं ने स्वर्गलोक को दीपों की रोशनी से प्रकाशित किया और देव दीपावली मनाई। त्रिपुरासुर का अंत करने के कारण ही भगवान शिव को त्रिपुरारी कहा जाता है।
हिंदू धर्म में मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन सभी देवी-देवता स्वर्गलोक से भगवान शिव की नगरी काशी पहुंचते हैं और गंगा में स्नान कर दीपदान करते हैं। यही वजह है कि यह पर्व काशी में बेहद भव्य तरीके से मनाया जाता है। इसे देवताओं की दीपावली के रूप में मनाया जाता है। काशी के गंगा घाटों पर लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं और प्रमुख घाटों पर विशेष गंगा आरती का आयोजन होता है।
इस अवसर पर कई घाटों और मंदिरों में भजन, विशेष झांकियां, लोक एवं शास्त्रीय प्रस्तुतियां आयोजित की जाती हैं। दीपोत्सव के साथ कई स्थानों पर ड्रोन शो भी आकर्षण का केंद्र बनते हैं। पूरा काशी क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठता है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। पुराणों के अनुसार इसी दिन भगवान विष्णु ने सृष्टि और वेदों की रक्षा के लिए मत्स्य अवतार धारण किया था। इसलिए कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान नारायण की पूजा का भी विशेष महत्व माना जाता है। धर्मशास्त्रों के अनुसार, इस दिन उपवास रखकर भगवान विष्णु की पूजा करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है।
मान्यता यह भी है कि इसी दिन ब्रह्माजी का ब्रह्म सरोवर पुष्कर में अवतरण हुआ था। इसलिए कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुष्कर पहुंचकर ब्रह्माजी के दर्शन करते हैं और पवित्र सरोवर में स्नान करते है। देव दीपावली केवल दीपों की रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक भी है। यह पर्व भगवान के प्रति आस्था, श्रद्धा और त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु और महेश की आराधना का संदेश देता है।