तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और प्रथम चरण में पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर 22 अप्रैल को चुनाव होंगे। जिन भी सीटों पर चुनाव होने जा रहे हैं, वहां चुनाव प्रचार थम चुका है। हालांकि सेकंड फेज के लिए कैंपेनिंग अब भी जारी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जोड़ासांको और चकदहा विधानसभा सीटों पर चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उन्हें देखने और सुनने के लिए जुटे थे।
जोड़ासांको में उन्होंने अपने भाषण में कहा कि, "आपने देखा ही होगा कि कोलकाता के मेयर क्या कह रहे हैं। वो कहते हैं कि यहां उर्दू बोली जाएगी। हम यहां ये कहने आए हैं कि बंगाली अस्मिता के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। बंगाल की पहचान काबा से नहीं जुड़ी है, बल्कि बंगाल की पहचान माँ कालीबाड़ी से जुड़ी रही है। बंगाल में गौ-हत्या बड़े पैमाने पर हो रही है। ममता दीदी भगवान राम के नाम से चिढ़ जाती हैं। दुर्गा पूजा के दौरान अनुमति नहीं दी जाती।"
वहीं चकदहा सीट पर उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, "आज हम देखते हैं कि गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर, श्री अरविंद घोष और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की इस पावन धरा में TMC के गुंडे चीरहरण कर रहे हैं और लूटपाट कर रहे हैं। TMC अब टेरर का प्रतीक बन गई है, यह माफिया राज का प्रतीक बन गई है। TMC भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है।"
उन्होंने आगे कहा कि "बंगाल, जो कभी भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन हुआ करता था आज उसी बंगाल में उद्योग और व्यापार बंद हो रहे हैं। लाखों युवा बेरोजगार हैं, चावल का उत्पादन घट रहा है और मछली का उत्पादन भी कम हो रहा है। बंगाल के आलू उगाने वाले किसान खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं। बंगाल में अराजकता जैसी स्थिति बनी हुई है।"
उन्होंने उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए बताया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की हालत बहुत खराब थी। गुंडा राज था, माफिया राज था, दंगे होते थे, कर्फ्यू लगते थे, गौमाता की हत्या होती थी। श्रीराम का नाम लेने पर लाठी और गोली चलती थी। बहन और बेटी सुरक्षित नहीं थी। व्यापारी पलायन कर रहा था। नौजवान हताश और निराश था। किसान आत्महत्या कर रहा था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे बताया कि उत्तर प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के आव्हान पर डबल इंजन की सरकार बनाने में अपना योगदान दिया। आज उत्तर प्रदेश में सब सुरक्षित है। विकास हो रहा है। बंगाल में 7000 से ज्यादा उद्योग बंद हो गए, जबकि उत्तर प्रदेश में 9 सालों में 17000 से अधिक बड़े उद्योग आए हैं। जो काम 500 सालों से अधूरा था, अयोध्या राम मंदिर का निर्माण, वह अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा हो गया है। यह सब उत्तर प्रदेश में इसलिए मुमकिन हो पाया क्योंकि राज्य में डबल इंजन वाली सरकार थी। इस बार, बंगाल में भी डबल इंजन वाली सरकार बनने जा रही है।