45 साल के नितिन नबीन बनेंगे भाजपा अध्यक्ष, संगठन में युवा नेतृत्व की शुरुआत

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अगले अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन का नाम लगभग तय हो गया है। नितिन मात्र 45 वर्ष के है और चुने जाने के बाद वे भाजपा के इतिहास के सबसे युवा अध्यक्ष कहलाएंगे।

45 साल के नितिन नबीन बनेंगे भाजपा अध्यक्ष, संगठन में युवा नेतृत्व की शुरुआत

पार्टी मुख्यालय में कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके नाम का नामांकन पत्र दाखिल किया।

Share:

Highlights

  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन का नाम लगभग तय हो चुका है।
  • नितिन नबीन भाजपा के सबसे युवा अध्यक्ष कहलाए जाएंगे।
  • उनके नाम की घोषणा के बाद वे औपचारिक रूप से जगत प्रकाश नड्डा का स्थान लेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अगले अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन का नाम लगभग तय हो गया है। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके नाम का नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। नितिन फिलहाल पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में अपनी ज़िम्मेदारी संभाल रहे है। उनके भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर निर्विरोध चुने जाने की पूरी-पूरी संभावना है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के टॉप नेता उन्हें अपना समर्थन दे रहे हैं। जानकारों का कहना है कि नितिन को पार्टी की कमान देकर भाजपा युवाओं को एक बड़ा संदेश देना चाहती है।

नितिन मात्र 45 वर्ष के हैं और चुने जाने के बाद वे भाजपा के इतिहास के सबसे युवा अध्यक्ष कहलाएंगे। बिहार से ताल्लुक रखने वाले नितिन ने छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरूआत की थी। उन्हें उनके संगठनात्मक कौशल और प्रशासनिक अनुभव के लिए पहचाना जाता है। इसके अलावा ज़मीनी स्तर पर पकड़, पार्टी से लंबे समय से जुड़ाव और गैर-विवादास्पद छवि के कारण वे इस पद के सबसे प्रबल दावेदार है। वे पांच बार के विधायक हैं और बिहार सरकार में कैबिनट मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने शहरी विकास एवं आवास मंत्रालय, सड़क निर्माण मंत्रालय और विधि एवं न्याय मंत्रालय जैसे अहम मंत्रालयों में अपनी सेवाएं भी दी हैं।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और राज्य इकाईयों के अध्यक्ष भी वहां पर पहुंचे। इस अवसर पर बिहार सरकार में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि नितिन नबीन का कार्यकाल सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। वहीं नामांकन के पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे बिहार के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने पार्टी की समावेशिता पर ज़ोर देते हुए कहा कि भाजपा में एक साधारण व्यक्ति भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। इन दोनों के अलावा बिहार सरकार में उद्योग एवं सड़क निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने भी नामांकन प्रक्रिया से पहले कहा कि यह बिहार के लिए बहुत शुभ दिन है कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार की धरती के 45 साल के युवा बेटे बनने जा रहे हैं।

अब 20 जनवरी को उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी, जिसके बाद वे औपचारिक रूप से जगत प्रकाश नड्डा का स्थान लेंगे। नए अध्यक्ष के सामने केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। इन चुनावों में अच्छे प्रदर्शन से वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपने आप को साबित करना चाहेंगे। पार्टी मुख्यालय में इस वक्त उत्सव का माहौल है। फिलहाल पार्टी कार्यकर्ता अपने नए कप्तान स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए है।

रिलेटेड टॉपिक्स