विशेष सत्र से पहले मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन की बैठक, DMK और NCP-SP रहे नदारद

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जिस चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से 10 करोड़ से अधिक लोगों के नाम हटा दिए हैं, अब उसी को परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, जिसे विपक्ष स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहले ही गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं और सवालों के घेरे में हैं, इसलिए यदि यह प्रक्रिया उनके नेतृत्व में होती है तो इसमें और भी अधिक गड़बड़ियां होंगी।

विशेष सत्र से पहले मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन की बैठक, DMK और NCP-SP रहे नदारद

इस बैठक में INDIA गठबंधन के कई घटक दल मौजूद थे।

Share:

Highlights

  • INDIA गठबंधन का कहना है की लोकसभा की वर्तमान संख्या को बरकरार रखा जाए।
  • विपक्ष चाहता है की लोकसभा की वर्तमान संख्या पर महिला आरक्षण दिया जाए।
  • गठबंधन की मांग है की राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा बंटवारा अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए।

संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की एक बैठक हुई। इसमें खरगे के अतिरिक्त कांग्रेस से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, गौरव गोगोई, प्रमोद तिवारी और जयराम रमेश, ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) से अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से मनोज झा समेत कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेता भी दिखाई दिए। हालांकि, द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (NCP-SP) के नेता इस बैठक में नहीं दिखाई दिए।

वर्तमान सीट संख्या पर महिला आरक्षण और 25 साल तक यथास्थिति रखने की मांग

इस बैठक की कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए कांग्रेस ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे और नेता विपक्ष राहुल गांधी के साथ INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई, जिसमें परिसीमन बिल को लेकर चर्चा की गई। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी साफ मांग है कि लोकसभा की वर्तमान संख्या को बरकरार रखा जाए, इसी वर्तमान संख्या पर महिला आरक्षण दिया जाए और अगले 25 साल तक लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा भी यथावत रखा जाए।

सीटों की संख्या 850 कर सत्ता पर कब्जा करना चाहती है सरकार : खरगे

मल्लिकार्जुन खरगे ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि INDIA गठबंधन के सभी नेताओं ने मिलकर यह तय किया है कि मोदी सरकार द्वारा लाया जा रहा संवैधानिक संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए एक गंभीर खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को खत्म करने और सारी सत्ता अपने हाथ में केंद्रित करने की कोशिश में, अब सरकार का लक्ष्य '800 पार' का है। खरगे के अनुसार, इससे पहले उन्होंने चुनावों में '400 पार' का लक्ष्य रखा था जो अब पीछे छूट गया है, और अब सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने के जरिए वे सत्ता पर कब्जा कर उसे हमेशा के लिए अपने पास बनाए रखना चाहते हैं।

प्रस्तावित संशोधन में SC-ST वर्ग के हितों की अनदेखी का आरोप

इसके अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस विधेयक में अनुसूचित जातियों (SC) और अनुसूचित जनजातियों (ST) के हितों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया है, जो कि एक अन्याय है। उन्होंने तर्क दिया कि किसी भी राज्य में SC और ST के लिए आरक्षित सीटों की संख्या उस राज्य में उनकी आबादी के अनुपात में होनी चाहिए, जिसके परिणामस्वरूप अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़नी चाहिए, लेकिन प्रस्तावित संशोधन में इसके लिए कोई प्रावधान नहीं है।

2026 की जनगणना पर चुप्पी को लेकर सरकार पर निशाना

साथ ही, खरगे ने कहा कि 2026 की जनगणना भी आने वाली है, फिर भी सरकार इस पर पूरी तरह चुप है। उनका मानना है कि यदि सरकार सीटों का आवंटन नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर करती, तो SC और ST समुदायों को उनकी बढ़ी हुई आबादी के अनुसार स्वाभाविक रूप से अधिक सीटें मिलतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि संशोधन की शर्तों को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार इन समुदायों को उनका हक देने से रोकना चाहती है और अपने तात्कालिक हितों को साधने वाले एजेंडे को आगे बढ़ा रही है।

चुनाव आयोग को परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपने पर जताई कड़ी आपत्ति

तीसरा मुद्दा उठाते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जिस चुनाव आयोग ने मतदाता सूची से 10 करोड़ से अधिक लोगों के नाम हटा दिए हैं, अब उसी को परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, जिसे विपक्ष स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहले ही गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं और सवालों के घेरे में हैं, इसलिए यदि यह प्रक्रिया उनके नेतृत्व में होती है तो इसमें और भी अधिक गड़बड़ियां होंगी। खरगे ने आशंका जताई कि वे ही यह तय करेंगे कि किस निर्वाचन क्षेत्र को सामान्य या आरक्षित रखना है और कहाँ महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित करनी हैं, तथा जिस तरह से मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यालय को निर्देश दिए जाते हैं, उससे परिसीमन के दौरान भी हेराफेरी किए जाने की पूरी संभावना है।

रिलेटेड टॉपिक्स