30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, परिसीमन बिल पर सरकार को मिला पवार और DMK का समर्थन

NCP (SP) विधायक जितेंद्र आव्हाड ने इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, "चीजें बिल्कुल साफ हैं और यह तय हो गया है कि हम परिसीमन का समर्थन करेंगे।" शरद पवार के साथ हुई बातचीत के संदर्भ में आव्हाड ने बताया कि यह चर्चा पार्टी के आधिकारिक रुख के बजाय इस बात पर केंद्रित थी कि परिसीमन की प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है, इसलिए पार्टी ने निश्चित रूप से इसका समर्थन करने का निर्णय लिया है।

30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, परिसीमन बिल पर सरकार को मिला पवार और DMK का समर्थन

सरकार इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने की तैयारी में है।

Share:

Highlights

  • संसद के विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के सभी 80 सांसदों से बिल का समर्थन करने का आग्रह किया।
  • महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार की पार्टी NCP (SP) ने परिसीमन को संवैधानिक जरूरत बताकर समर्थन दिया।
  • RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा की सरकार को इस मुद्दे पर सभी दलों को एक साथ बुलाकर बातचीत करनी चाहिए थी।

केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी, जबकि दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। सरकार इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने की तैयारी में है।

शरद पवार की पार्टी NCP (SP) ने भी दिया समर्थन

इस बीच, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व केंद्रीय कृषि एवं रक्षा मंत्री शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (NCP-SP) ने भी इस बिल को अपना समर्थन दे दिया है। पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, "चीजें बिल्कुल साफ हैं और यह तय हो गया है कि हम परिसीमन का समर्थन करेंगे।" शरद पवार के साथ हुई बातचीत के संदर्भ में आव्हाड ने बताया कि यह चर्चा पार्टी के आधिकारिक रुख के बजाय इस बात पर केंद्रित थी कि परिसीमन की प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है, इसलिए पार्टी ने निश्चित रूप से इसका समर्थन करने का निर्णय लिया है। 

महिला आरक्षण पर मायावती ने किया फैसले का स्वागत

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष मायावती ने भी X के माध्यम से इस विधेयक के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने उल्लेख किया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के समतामूलक और कल्याणकारी संविधान के उद्देश्यों के प्रति निष्ठावान रहते हुए उनकी पार्टी शुरू से ही महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उनकी उचित भागीदारी की प्रबल समर्थक रही है। इसी क्रम में BSP लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने की मांग करती रही है और केंद्र सरकार के इस ताजा कदम का स्वागत करती है।

हालांकि, मायावती ने यह भी सुझाव दिया कि यदि सदियों से शोषित और उपेक्षित रहीं अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग की महिलाओं के लिए इसी आरक्षण के भीतर अलग से कोटा निर्धारित किया जाता, तो यह एक ऐतिहासिक और जनहितैषी कदम होता। उनके अनुसार, इससे धनबल, बाहुबल और जातिवाद से प्रभावित चुनावी राजनीति में इन वर्गों की महिलाओं को आगे बढ़ने का वास्तविक अवसर मिलता। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया।

इसके अतिरिक्त, मायावती ने लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीनों विधेयकों और आगामी परिसीमन प्रक्रिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सीमा निर्धारण में गड़बड़ी कर चुनावी लाभ उठाने के आरोप कोई नई बात नहीं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाले दल अक्सर जनहित की तुलना में अपने राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता देते हैं। अंत में, उन्होंने सर्वसमाज से अपील की कि वे धर्म, जाति, क्षेत्रवाद और लुभावने वादों के प्रभाव में आए बिना एक अच्छी सरकार चुनने का संकल्प लें, क्योंकि यही भारतीय लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा की असली गारंटी है, जिसके लिए बीएसपी सदैव तत्पर है।

सर्वदलीय बैठक बुलाने पर तेजस्वी यादव का जोर

वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "इस मुद्दे पर हमारा पुराना रुख आप पहले से ही जानते हैं। हमने कल भी आपको इस बारे में बताया था और इस पर हमारा रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है। हालांकि, यह कहीं ज्यादा बेहतर तरीका होता यदि सरकार सभी राजनीतिक दलों को एक साथ बुलाकर उनसे बातचीत करती।"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया प्रधानमंत्री मोदी का आभार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिसीमन बिल के पारित होने पर प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिला आरक्षण बिल पहले ही संसद से पारित हो चुका है, और अब केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इस विधेयक को 2029 तक लागू करने का रास्ता साफ कर दिया गया है। योगी आदित्यनाथ के अनुसार, इस कदम से यह सुनिश्चित हो गया है कि संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50% की वृद्धि होने से महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करने में बड़ी मदद मिलेगी।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 सांसदों से आग्रह किया है कि वे इस विधेयक का समर्थन करें ताकि 2029 के लोकसभा चुनावों तक नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने का मार्ग प्रशस्त हो सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के माध्यम से एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने का यह एक बेहतरीन अवसर है, जिसे साकार करने के लिए सभी सांसदों को अपना पूरा समर्थन और सहयोग देना चाहिए।

तमिलनाडु के 7.18% हिस्से की शर्त के साथ DMK भी साथ

वहीं अब द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) ने भी बिल को अपना समर्थन दे दिया है। DMK सांसद ए. राजा ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में हुई संसदीय दल की बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद, उन्होंने देश और तमिलनाडु के हित में एक पक्का फैसला लिया है। DMK ने सभी राज्यों में संसद की सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह फैसला इस सिद्धांत के आधार पर लिया था कि तमिलनाडु का 7.18% हिस्सा वैसा ही बना रहना चाहिए और वे 59 की संख्या पर सहमत हुए थे। 

उन्होंने आगे कहा कि DMK अध्यक्ष ने उन्हें जरूरत पड़ने पर कोई भी अन्य बदलाव करने का पूरा अधिकार दिया था। ए. राजा के अनुसार, जब कांग्रेस पार्टी उनके गठबंधन का हिस्सा थी, तब भी कांग्रेस पार्टी की यही मांग थी और परिसीमन की निष्पक्ष प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन के मुद्दे पर, DMK का रुख आज भी वही है जो कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन में रहने के दौरान था।

रिलेटेड टॉपिक्स