कैसे हुआ उत्पन्ना एकादशी का प्राकट्य ? जानिए व्रत का महत्व और पौराणिक कथा

हिन्दू मान्यताओं के अनुसार एकादशी व्रत भगवान विष्णु को समर्पित है। एकादशी व्रत की शुरुआत के लिए उत्पन्ना एकादशी को विशेष माना जाता है। इसे एकादशी माता के प्राकट्य के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है की इस व्रत से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और कर्मेंद्रियों व ज्ञानेंद्रियों पर नियंत्रण रखने में सहायता मिलती है।

कैसे हुआ उत्पन्ना एकादशी का प्राकट्य ? जानिए व्रत का महत्व और पौराणिक कथा

उत्पन्ना एकादशी अगहन माह के कृष्ण पक्ष में आती है।

Share:

Highlights

  • उत्पन्ना एकादशी का व्रत 04 दिसंबर 2026 शुक्रवार को किया जाएगा।
  • भगवान विष्णु के शरीर से उत्पन्न हुई उत्पन्ना एकादशी।
  • 05 दिसंबर को सुबह 06:59 बजे से 09:04 बजे तक व्रत का पारण होगा।

हिन्दू धर्म में एकादशी व्रत का विशेष महत्व माना जाता है। हर महीने दो एकादशी तिथियां आती है। अगहन माह की पहली एकादशी 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार को पड़ रही है, जिसे उत्पन्ना एकादशी के रूप में मनाया जाएगा। यह अगहन माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी है। हिन्दू मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन एकादशी माता का प्राकट्य भगवान विष्णु के शरीर से हुआ था। इसलिए इसे एकादशी व्रत की शुरुआत के लिए सबसे उपयुक्त तिथि माना जाता है। मान्यता है कि एकादशी का व्रत करने से भगवान श्रीहरि विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

पौराणिक कथा

पौराणिक कथा के अनुसार सतयुग में ‘मुर’ नामक एक शक्तिशाली दैत्य था। उसके अत्याचारों से देवी-देवता परेशान थे। मुर ने अपने पराक्रम के बल पर देवराज इंद्र सहित सूर्य, अग्नि, वायु और अन्य देवताओं को पराजित कर स्वर्ग से निष्कासित कर दिया था। संकट की इस स्थिति में सभी देवता भगवान शिव के पास पहुंचे। भगवान शिव ने उन्हें क्षीरसागर में भगवान विष्णु की शरण में जाने की सलाह दी।

इसके बाद सभी देवता भगवान विष्णु के पास पहुंचे। देवताओं की सहायता के लिए श्रीहरि ने मुर दैत्य से चंद्रावती नगरी में घोर युद्ध किया। बताया जाता है कि यह युद्ध दस हजार वर्षों तक चला, लेकिन मुर पराजित नहीं हुआ। इसके बाद भगवान विष्णु विश्राम करने के लिए बद्रिकाश्रम स्थित 12 योजन लंबी हेमवती गुफा में पहुंचे और योगनिद्रा में लीन हो गए।

भगवान विष्णु को निद्रा में देखकर मुर ने उन पर प्रहार करने का निर्णय लिया। तभी भगवान विष्णु के शरीर से एक दिव्य शक्ति का प्राकट्य हुआ। तेजस्वी कन्या ने मुर को युद्ध के लिए ललकारा और युद्ध में उसका वध कर दिया।

निद्रा से जागने के बाद भगवान विष्णु उस दिव्य कन्या का पराक्रम देखकर बेहद प्रसन्न हुए। उन्होंने उसे वरदान दिया कि जो भी भक्त इस दिन उसका व्रत और पूजन करेगा, उसे मोक्ष की प्राप्ति होगी। यही दिव्य शक्ति स्वयं देवी एकादशी थीं, जिन्होंने मुर राक्षस का अंत कर देवताओं की रक्षा की। भगवान विष्णु ने इस दिव्य शक्ति को ‘एकादशी’ नाम दिया।

मार्गशीर्ष (अगहन) माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी को प्रकट होने के कारण इसे ‘उत्पन्ना एकादशी’ कहा गया। मान्यता है कि जो लोग पूरे वर्ष एकादशी का व्रत करना चाहते है, उन्हें उत्पन्ना एकादशी से इस व्रत की शुरुआत करनी चाहिए। इसे बेहद शुभ माना जाता है।

उत्पन्ना एकादशी की तिथि और पारण

वैदिक पंचांग के अनुसार, उत्पन्ना एकादशी तिथि 3 दिसंबर की रात 11 बजकर 03 मिनट से प्रारंभ होगी और 4 दिसंबर की रात 11 बजकर 44 मिनट पर समाप्त होगी। उदयातिथि के आधार पर एकादशी का व्रत 4 दिसंबर 2026 को रखा जाएगा। व्रत का पारण 5 दिसंबर की सुबह 06 बजकर 59 मिनट से 09 बजकर 04 मिनट तक किया जाएगा।

व्रत का महत्व

एकादशी का व्रत भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त करने के लिए किया जाता है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने से पांच कर्मेंद्रियों और पांच ज्ञानेंद्रियों पर नियंत्रण बनाए रखने में सहायता मिलती है। साथ ही, यह मन को शांत रखने का एक उत्तम माध्यम माना जाता है। एकादशी के दिन मन को ईश्वर की भक्ति, भजन-कीर्तन और जप आदि में लगाने से चेतना में स्पष्टता और शांति आती है। शास्त्रों के अनुसार श्रद्धापूर्वक एकादशी व्रत करने से जाने-अनजाने में किए गए पापों से मुक्ति मिलने की मान्यता है।

रिलेटेड टॉपिक्स