अमित शाह का राहुल गांधी एवं कांग्रेस पर हमला, भाजपा शासित राज्यों में लागू होगा UCC

भारतीय सभ्यता का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि वे अपने जीवन के 10 से 15 मिनट निकालकर संसद की लाइब्रेरी में जाएं और संविधान की मूल प्रति को देखें। उन्होंने कहा कि नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए संविधान के अध्यायों की शुरुआत उन चित्रों से होती है, जिनमें भगवान श्री राम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाया गया है।

अमित शाह का राहुल गांधी एवं कांग्रेस पर हमला, भाजपा शासित राज्यों में लागू होगा UCC

अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना सभी भारतीयों के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

Share:

Highlights

  • संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम के दौरान अमित शाह और भाजपा के कई बड़े नेताओं ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी।
  • अमित शाह ने साफ कर दिया की आने वाले समय में भाजपा शासित सभी राज्यों में UCC लागू होगा।
  • अमित शाह ने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज संविधान दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा दिल्ली के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और नई दिल्ली से लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह तथा अन्य उपस्थित लोगों ने भारत के संविधान की प्रस्तावना को भी पढ़ा। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना सभी भारतीयों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और गर्व की जिम्मेदारी है। 

उन्होंने दुख जताया कि स्वतंत्रता के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की एक गाइडबुक मात्र मानने की कोशिश की गई और देश के किशोरों, युवाओं तथा नागरिकों के बीच इसकी मूल भावना को जगाने की प्रक्रिया को भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि 2014 में PM बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में यह निर्णय लिया कि हर साल 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा, ताकि संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को प्रत्येक स्कूल, कॉलेज और नागरिक तक पहुँचाया जा सके।

संविधान की मूल प्रति और भारतीय सभ्यता का उल्लेख

भारतीय सभ्यता का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि वे अपने जीवन के 10 से 15 मिनट निकालकर संसद की लाइब्रेरी में जाएं और संविधान की मूल प्रति को देखें। उन्होंने कहा कि नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए संविधान के अध्यायों की शुरुआत उन चित्रों से होती है, जिनमें भगवान श्री राम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाया गया है। जो लोग हाथों में संविधान लेकर घूमते हैं, उनसे उन्होंने प्रार्थना की कि वे इन चित्रों को देखकर संविधान की वास्तविक भावना को समझें।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया और नक्सलवाद का अंत

संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता को याद करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने एक तरफ जनता को यह तय करने का अधिकार दिया कि सत्ता किसे सौंपी जाए, तो दूसरी तरफ सत्ता पाने वालों के लिए यह सीमा तय की कि शासन संवैधानिक दायरे में रहकर ही चलाया जाए। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि भारत में सत्ता का कई बार हस्तांतरण हुआ, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया के कारण खून की एक बूंद भी नहीं बही।

बस्तर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब वे वहां 80 साल के किसी बुजुर्ग को बिना राशन कार्ड, वोटर लिस्ट में नाम, बिजली और पीने के पानी के बिना देखते हैं, तो उन्हें एहसास होता है कि नक्सलवाद ने देश का कितना नुकसान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक इच्छाशक्ति वाली सरकार ने नक्सलवाद को जड़ से समाप्त किया और 21 करोड़ लोगों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने का काम किया।

समान नागरिक संहिता (UCC) और महिला आरक्षण

UCC पर बात करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने इसे नीति-निर्देशक तत्वों में शामिल किया था। हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई या पारसी, हर नागरिक को एक समान कानून के तहत जीने का अधिकार मिलना चाहिए और कानून धर्म के आधार पर नहीं बनने चाहिए। कांग्रेस पर इस विचार को खारिज करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने स्पष्ट घोषणा की कि आने वाले दिनों में जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां UCC लागू किया जाएगा।

इसके साथ ही, उन्होंने कांग्रेस पर संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले संवैधानिक संशोधन को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह अटल संकल्प है कि देश की महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण अवश्य मिलेगा और कोई भी इसे रोक नहीं सकता।

राहुल गांधी और आपातकाल पर तीखा प्रहार

अपने भाषण के अमित शाह ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे हमेशा संविधान की बात करते हैं, लेकिन स्वयं संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का मजाक उड़ाते हैं। शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी खुलेआम संसद के बजाय सड़कों पर बहस की बात करते हैं, चुनाव आयोग और मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को बदनाम करते हैं, तथा विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं। 

पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस की लगातार चुनावी हार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहावत नाच न आए तो आँगन टेढ़ा का उल्लेख किया और कहा कि राहुल गांधी हर तीसरे महीने छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं। आपातकाल की याद दिलाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी उसी पार्टी से आते हैं जिसने 18 महीनों तक संविधान की मूल भावना को एक अंधेरी कोठरी में कैद करके रखा था। उन्होंने प्रश्न किया कि जिस पार्टी और जिसकी अपनी दादी ने इतिहास का वह काला अध्याय लिखा, वे आज संविधान की बात कैसे कर सकते हैं। 

रिलेटेड टॉपिक्स