असम के कार्बी आंगलोंग जिले ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दीफू स्थित कार्बी आंगलोंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन (KASA) स्टेडियम में 15,000 कलाकारों ने पारंपरिक कार्बी लोक नृत्य निमसो केरुंग (Nimso Kerung) की एक साथ प्रस्तुति देकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक द्वारा इस कीर्तिमान की घोषणा होते ही पूरा स्टेडियम आतिशबाजी और भव्य लेजर शो से जगमगा उठा।
इस ऐतिहासिक पल की तस्वीरें X पर साझा करते हुए कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (KAAC) के मुख्य कार्यकारी सदस्य (CEM) तुलिराम रोंगहांग ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने लिखा कि "इतिहास रचा गया! कार्बी आंगलोंग के लिए यह गर्व का क्षण है! हम सभी के लिए यह कितना ऐतिहासिक और अविस्मरणीय दिन है! 75वें 'कार्बी आंगलोंग दिवस' के भव्य अवसर पर, हमने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। दीफू के KASA स्टेडियम में 15,000 नर्तकों ने एक साथ आकर हमारा पारंपरिक 'कार्बी लोक नृत्य' प्रस्तुत किया!"
उन्होंने यह भी कहा कि अलग-अलग जनजातियों और समुदायों के भाई-बहनों की भागीदारी इस उपलब्धि को और भी खास बनाती है, जहाँ सभी ने एकता, सद्भाव और आपसी सम्मान का सुंदर प्रदर्शन करते हुए एक साथ नृत्य किया। रोंगहांग ने आगे उल्लेख किया कि यह केवल एक विश्व रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोगों की सामूहिक शक्ति का उत्सव है। अंत में, उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को संभव बनाने के लिए अथक परिश्रम करने वाले हर नर्तक, प्रशिक्षक, आयोजक, स्वयंसेवक और अन्य सभी लोगों को अपनी ओर से हार्दिक बधाई और धन्यवाद देते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड उन सभी का है और उन्होंने मिलकर कार्बी आंगलोंग को गौरवान्वित किया है।
गौरतलब है कि यह ऐतिहासिक आयोजन जिले के गठन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 15 से 17 नवंबर तक मनाए जा रहे तीन दिवसीय भव्य समारोह का हिस्सा है। 1951 में गठित इस क्षेत्र को याद करने के लिए हर साल 17 नवंबर को कार्बी आंगलोंग दिवस मनाया जाता है। शुरुआत में इसे यूनाइटेड मिकिर एंड नॉर्थ कछार हिल्स डिस्ट्रिक्ट के नाम से जाना जाता था, जिसे 1970 में मिकिर हिल्स और नॉर्थ कछार हिल्स दो जिलों में विभाजित किया गया। बाद में, 14 अक्टूबर 1976 को मिकिर हिल्स का नाम बदलकर कार्बी आंगलोंग जिला कर दिया गया।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने भी X पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "कार्बी आंगलोंग दिवस पर मेरी कार्बी बहनों और भाइयों को हार्दिक शुभकामनाएं। कार्बी आंगलोंग की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराएं और अनूठी पहचान, असम के गौरव और विविधता का अभिन्न अंग हैं। यह जिला शांति और सद्भाव के साथ निरंतर प्रगति करे, और यहाँ के लोगों के लिए नए अवसर और एक उज्ज्वल भविष्य लेकर आए।"