क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और महानतम खिलाड़ियों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एक खिलाड़ी के तौर पर अपना सफर समाप्त कर लिया है। आगामी IPL 2027 में वह 5 बार की IPL विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के टीम मेंटर के रूप में नजर आएंगे।
CSK ने X पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, "महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटर बन गए हैं! अनगिनत जीत, मुश्किल दौर और ऐसी यादें जो हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी, इन सबके बीच एमएस शुरुआत से ही हमारे सफर का अहम हिस्सा रहे हैं। हमें जीत दिलाने से लेकर सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने तक, 'थाला' हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा।"
CSK ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी देते हुए लिखा कि धोनी IPL 2027 से चेन्नई सुपर किंग्स के साथ टीम मेंटर के रूप में एक नए अध्याय की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर टीम के ओनर एन. श्रीनिवासन ने बताया कि धोनी इस फ्रेंचाइजी के लिए क्या मायने रखते हैं। उन्होंने कहा कि धोनी के बिना CSK का कोई अस्तित्व नहीं है। लगभग दो दशकों तक हम जीत, हार और हर तरह के उतार-चढ़ाव के बीच एक-दूसरे के साथ चले हैं और आगे बढ़े हैं।
हमारा रिश्ता इतना मजबूत है और इसकी एक ही वजह है कि हम एक-दूसरे के इरादों पर कभी सवाल नहीं उठाते। इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया है। 2008 में मैंने जोर देकर कहा था कि धोनी को CSK का हिस्सा होना चाहिए और यह मेरा अब तक का सबसे बेहतरीन फैसला साबित हुआ। सिर्फ इसलिए नहीं कि उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए बहुत कुछ हासिल किया है, बल्कि इसलिए कि वह एक इंसान के तौर पर भी बहुत बेहतरीन हैं। धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे और यह हमेशा उनका घर रहेगा।
वहीं, CSK की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने कहा कि धोनी जैसा खिलाड़ी जिंदगी में बस एक बार ही आता है। हम बहुत किस्मत वाले हैं और तहे दिल से आभारी हैं कि वह CSK की शुरुआत से ही हमारे साथ रहे हैं। आज यह टीम जो कुछ भी है, उसकी नींव उन्होंने ही रखी है। धोनी CSK के लिए सिर्फ एक लीजेंड से कहीं बढ़कर हैं। मैदान के अंदर और बाहर, उन्होंने हमें जो कुछ भी दिया है, उसे शब्दों में नहीं मापा जा सकता।
उनका नेतृत्व, विनम्रता, समर्पण और लाखों फैंस के साथ उनका जुड़ाव वाकई बहुत खास है। इतने सालों में उन्होंने एक ऐसी विरासत बनाई है और हमें ऐसी यादें दी हैं, जिन्हें हम जीवन भर संजोकर रखेंगे। वह आगे भी एक मेंटर के तौर पर CSK परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बहुत कीमती है, खासकर बदलाव के इस दौर में। टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और उनका मार्गदर्शन CSK की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा।
धोनी का CSK के साथ जुड़ाव बेहद खास रहा है। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में IPL का खिताब दिलाया। अब खिलाड़ी के बजाय मेंटर के रूप में वह टीम के साथ अपना अनुभव साझा करेंगे। उनकी मौजूदगी से युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन मिलने और टीम की रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी।
इतना ही नहीं, धोनी की कप्तानी में CSK ने दो बार (2010 और 2014 में) चैंपियंस लीग टी20 (CLT20) का खिताब भी जीता है। एक बल्लेबाज के तौर पर भी धोनी का IPL करियर शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने कुल 278 मुकाबले खेले और 5,439 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 24 अर्धशतक निकले और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 84 रन रहा। धोनी ने CSK के अलावा 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट (RPS) की भी कप्तानी की है।