चंडीगढ़ में आज हुए मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत हासिल कर ली है। भाजपा के उम्मीदवार सौरभ जोशी चंडीगढ़ नगर निगम के नए मेयर चुन लिए गए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) को कांग्रेस के उम्मीदवारों को हरा दिया। इस बार की वोटिंग इसलिए भी खास रही क्योंकि मेयर का चुनाव हाथ उठाकर करवाया गया। नियमों के अनुसार, पार्षदों को हाथ उठाने के बाद वर्बल कन्फर्मेशन भी देना ज़रूरी था। नतीजों के मुताबिक, सौरभ जोशी को 18 वोट्स मिले, वहीं आप के उम्मीदवार योगेश ढींगरा को 11 और कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गब्बी को 7 वोट्स मिले, जिसमें चंडीगढ़ से लोकसभा सांसद मनीष तिवारी का वोट भी शामिल है। चंडीगढ़ का सांसद भी सदन के पदेन सदस्य के तौर पर मेयर चुनाव में मतदान कर सकता हैं।
मेयर के साथ सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों पर भी भाजपा ने विजय प्राप्त कर ली है। भाजपा के जसमनप्रीत सिंह सीनियर डिप्टी मेयर और सुमन शर्मा डिप्टी मेयर चुन ली गईं हैं। जसमनप्रीत सिंह ने सचिन गालव और मुनव्वर खान को हराया, वहीं सुमन शर्मा ने निर्मला देवी और जसविंदर कौर को हराया। इनके अलावा रामचंदर यादव भी डिप्टी मेयर पद के लिए निर्दलीय ही चुनावी मैदान में उतरे थे। वोटिंग पीठासीन अधिकारी रामनीक सिंह बेदी की देखरेख में संपन्न हुई। चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 45 सदस्य होते हैं, जिनमें 35 निर्वाचित, 1 लोकसभा सांसद और 9 मनोनीत सदस्य होते हैं। इस बार का चुनाव राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय रहा। कांग्रेस और आप दोनों ने ही अपने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे थे। इसका सीधा फायदा भाजपा को मिला और उसकी जीत की राह आसान हो गई।
जानकारी के लिए बता दें कि सौरभ जोशी चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 14 से पार्षद हैं। वे नगरपालिका सदन की बैठकों में सक्रिय भागीदारी के लिए जाने जाते हैं और नागरिक एवं स्थानीय शासन संबंधी मुद्दों पर मुखर रहे हैं। भाजपा चंडीगढ ने भी उन्हें जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "X" पर उन्होंने लिखा, "चंडीगढ़ को एक सशक्त, विकासशील और दूरदर्शी नेतृत्व प्राप्त हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के महापौर के रूप में श्री सौरभ जोशी जी के चयन से शहर के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। उनके नेतृत्व में चंडीगढ़ प्रगति, पारदर्शिता और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित होंगे। श्री सौरभ जोशी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।" अब देखना दिलचस्प होगा कि सौरभ जोशी आने वाले समय में अपनी टीम के साथ मिलकर चंडीगढ़ में क्या नए सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं।