लखनऊ: भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शुक्रवार यानि आज 05 सितंबर 2025 को सुबह विशेष विमान से अयोध्या पहुंचे। अयोध्या एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, स्थानीय विधायक वेद प्रकाश गुप्ता सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एजेंसी रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे का यह दौरा बेहद खास माना जा रहा है। इतना ही नहीं उनके कार्यक्रम में श्रीराम जन्मभूमि परिसर जाकर नव-निर्मित भव्य राम मंदिर के दर्शन शामिल हैं। सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
खबरों का कहना है कि अयोध्या एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक के मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। स्वागत की तैयारियां भी पूरे शहर में साफ नजर आई। स्थानीय प्रशासन ने प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को सख्ती से लागू किया।
खबरों की माने तो भूटान के प्रधानमंत्री सुबह 10:00 बजे राम मंदिर पहुंचे और लगभग एक घंटे 40 मिनट तक राम मंदिर में रहे। इस दौरान उन्होंने रामलला और राम दरबार के दर्शन किए, साथ ही कुबेर टीला, जटायु और सप्त मंडपम मंदिरों में भी दर्शन और पूजन किया। इतना ही नहीं उन्होंने लोअर प्लिंथ के चारों ओर बने म्यूरल और परकोटा की दीवार पर लगे ब्रांज म्यूरल को भी देखा। इस बीच उन्होंने अपने मोबाइल से रामजन्मभूमि परिसर की तस्वीरें लीं और राम मंदिर की नक्काशी की प्रशंसा की। रामलला के दरबार में उन्होंने तीन बार साष्टांग प्रणाम किया, रामलला की आरती उतारी और पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने चरणामृत प्रसाद ग्रहण किया।
इसके बाद भूटान के प्रधानमंत्री होटल रामायणा पहुंचे, जहां भूटान की पारंपरिक शैली में सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से उनका स्वागत किया गया। प्रदेश सरकार की पहल पर जिला प्रशासन ने उनके सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन किया। दोपहर भोज में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से भारतीय वायुसेना के विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए।