चुनावों से पहले भाजपा का संगठनात्मक फेरबदल, कई स्थानों पर नए प्रभारी नियुक्त

भारतीय जनता पार्टी ने आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन में अहम बदलाव किए हैं। पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कई राज्यों और बड़े शहरों के चुनावों के लिए वरिष्ठ नेताओं को नई ज़िम्मेदारियां सौंपी हैं।

चुनावों से पहले भाजपा का संगठनात्मक फेरबदल, कई स्थानों पर नए प्रभारी नियुक्त

केरल विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया है।

Share:

Highlights

  • भाजपा ने केरल विधानसभा चुनावों के लिए विनोद तावड़े को प्रभारी नियुक्त किया है।
  • राम माधव को ग्रेटर बेंगलुरू अथॉरिटी चुनावों के लिए प्रभारी बनाया गया है।
  • तेलंगाना में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के लिए आशीष शेलार प्रभारी बनाए गए है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन में अहम बदलाव किए हैं। पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कई राज्यों और बड़े शहरों के चुनावों के लिए वरिष्ठ नेताओं को नई ज़िम्मेदारियां सौंपी हैं। इन फैसलों से साफ है कि भाजपा नए उत्साह के साथ फिर से चुनावी तैयारियों में जुट गई है। केरल विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने अनुभवी नेता और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया है। वे केरल में पार्टी की चुनावी रणनीति बनाने, संगठन को मज़बूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बैठाने का काम करेंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को भी सह-प्रभारी बनाया गया है, जो इस काम में उनका सहयोग करेंगी।

भाजपा ने सिर्फ केरल ही नहीं, अन्य अहम चुनावों के लिए भी बड़े नेताओं को ज़िम्मेदारी दी है। ग्रेटर बेंगलुरू अथॉरिटी (GBA) चुनावों के लिए पार्टी ने पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव को प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ भाजपा-राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया और महाराष्ट्र विधानसभा के विधायक संजय उपाध्याय को सह-प्रभारी बनाया गया है। बेंगलुरू दक्षिणी भारत के सबसे महत्वपूर्ण शहरों में से एक है और इन स्थानीय चुनावों को भविष्य की चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

इतना ही नहीं, भाजपा ने तेलंगाना में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के लिए महाराष्ट्र सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार को प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा और पूर्व विधायक अशोक परनामी को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी ने 2026 में चंडीगढ़ में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भी तैयारियां तेज़ कर दी है। यहां पर विनोद तावड़े को चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया है। पिछले एक-दो चुनावों में चंडीगढ़ में नज़दीकी टक्कर देखने को मिली है, जिन्हें देखते हुए पार्टी यहां कोई कमी नहीं छोड़ना चाहेगी। इन नियुक्तियों से ये पता चलता है कि नए अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी हर छोटे-बड़े चुनावों को गंभीरता से लड़ने पर विचार कर रही है।

रिलेटेड टॉपिक्स