आज 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर देश भर में राजनीतिक दलों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने संविधान रक्षा मार्च में भाग लिया और एक जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) की अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और यूपी कांग्रेस के AICC प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
राहुल गांधी और कांग्रेस से डरी हुई है राज्य सरकार
जनसभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि राज्य सरकार राहुल गांधी, कांग्रेस और उसके नेताओं से इतनी डरी हुई है कि अब उन्हें उनकी परछाईं से भी डर लगने लगा है। उन्होंने कहा, "आज ऐतिहासिक संविधान दिवस है। 1949 में आज ही के दिन संविधान सभा ने इसे मंजूरी दी थी। संविधान से देश के हर नागरिक को ताकत मिली है और इसके निर्माण में उत्तर प्रदेश की बड़ी भूमिका रही है।"
संविधान निर्माण में उत्तर प्रदेश और डॉ. आंबेडकर का ऐतिहासिक योगदान
खरगे ने इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा ने अक्टूबर 1937 में यह प्रस्ताव पारित कर दिया था कि गवर्नमेंट ऑफ इंडिया एक्ट, 1935 को रद्द किया जाना चाहिए। इस प्रस्ताव में स्पष्ट कहा गया था कि एक चुनी हुई संविधान सभा भारत का संविधान बनाएगी, इसलिए इस एक्ट की कोई आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि जवाहरलाल नेहरू, गोविंद वल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन, डॉ. एस. राधाकृष्णन, आचार्य कृपलानी, जॉन मथाई और मौलाना अबुल कलाम आजाद जैसे दिग्गज नेता यूपी से ही संविधान सभा के सदस्य थे, जिन्होंने संविधान निर्माण में अहम योगदान दिया। कांग्रेस पार्टी ने ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को संविधान सभा भेजा और उन्हें ड्राफ्टिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया, क्योंकि डॉ. आंबेडकर के बिना संविधान का सही ढंग से तैयार होना असंभव था।
143 साल का इतिहास है, कांग्रेस कभी खत्म नहीं होगी
विरोधियों पर निशाना साधते हुए खरगे ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी खत्म होने वाली नहीं है। हमारा 143 साल पुराना गौरवशाली इतिहास है। जब कांग्रेस 143 सालों में खत्म नहीं हुई, तो अब क्यों खत्म होगी? हमारे पास आज एक ऐसा नेता है जो किसी से नहीं डरता और जिसे कोई डरा भी नहीं सकता। जहां तक हमारी बात है, हम डरकर जीने वाले लोग नहीं हैं। हो सकता है कि डर के मारे कुछ लोग भाजपा में शामिल हो जाएं या अपने घरों में बैठ जाएं, लेकिन हम, जिन्होंने इस संविधान को बनाने में मदद की है, इसकी रक्षा करेंगे और किसी से नहीं डरेंगे।"
संविधान बचाने और कमजोर करने वाली दो विचारधाराओं की लड़ाई
उन्होंने वैचारिक लड़ाई का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि RSS हमेशा से इस संविधान के खिलाफ रहा है और आज भी इसका विरोध करता है। खरगे ने कहा, "आज देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई है। एक तरफ हम हैं जो संविधान के साथ खड़े हैं और दूसरी तरफ वे लोग हैं जो हमेशा से इसके खिलाफ रहे हैं। पिछले 12 सालों से नफरत से प्रेरित और संविधान विरोधी सोच रखने वाले लोग लगातार संविधान को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।"