26/11 की 18वीं बरसी पर देश ने शहीदों को किया नमन, राष्ट्रपति मुर्मू और फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि

इस भीषण आतंकी हमले में अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारत माता के महान सपूतों को भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। इन अमर शहीदों में मुंबई पुलिस के जांबाज अधिकारी जॉइंट पुलिस कमिश्नर हेमंत करकरे, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अशोक कामटे, सीनियर इंस्पेक्टर विजय साळसकर और ASI तुकाराम ओंबळे शामिल हैं।

26/11 की 18वीं बरसी पर देश ने शहीदों को किया नमन, राष्ट्रपति मुर्मू और फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि

इन आतंकी हमलों में 166 निर्दोष लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक घायल हुए थे।

Share:

Highlights

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान और अदम्य साहस को सलाम किया।
  • राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शहीद स्मारक पर अर्पित की श्रद्धांजलि।
  • मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा की यह हमला ताज या CST पर नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता और संविधान पर था।

आज 26 नवंबर को पूरा देश वर्ष 2008 के मुंबई आतंकी हमलों (26/11) की 18वीं बरसी पर मारे गए 166 निर्दोष नागरिकों और वीर सुरक्षाकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर एक संदेश जारी कर दिवंगत आत्माओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि वह उन बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों और सभी लोगों के साहस को सलाम करती हैं, जो आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े हुए। 

राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा देश की आत्मा में हमेशा के लिए अंकित रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि आतंकवाद भले ही जिंदगियों को तबाह कर दे, लेकिन यह साहस, करुणा और दृढ़ता से एकजुट राष्ट्र के हौसले को कभी नहीं तोड़ सकता, और अंत में आतंकवाद को हर रूप में समाप्त करने के सामूहिक संकल्प को दोहराया।

मुंबई पुलिस मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित

वहीं, मुंबई में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुंबई पुलिस कमिश्नर कार्यालय स्थित शहीद स्मारक पर शहीद पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह हमला केवल ताज होटल, ट्राइडेंट या छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST) पर नहीं था, बल्कि यह भारत की संप्रभुता और संविधान पर सीधा प्रहार था। उनके अनुसार, आतंकवादियों ने जानबूझकर ऐसी जगहों को चुना था, जहाँ वे सबसे ज्यादा नुकसान पहुँचा सकें और अधिक से अधिक लोगों की जान ले सकें।

तुकाराम ओंबळे के अदम्य साहस को किया गया याद

महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने अशोक चक्र से सम्मानित मुंबई पुलिस के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) तुकाराम ओंबळे को नमन किया। उन्होंने याद किया कि किस तरह तुकाराम ओंबळे ने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकी अजमल कसाब की राइफल को मजबूती से पकड़कर उसकी जीवित गिरफ्तारी सुनिश्चित की थी। हालांकि, इस अदम्य साहस का परिचय देते हुए वे आतंकवादी की गोलियों का शिकार होकर वीरगति को प्राप्त हो गए।

चार दिनों तक चला था आतंक का खूनी खेल

गौरतलब है कि 26/11 के नाम से जाना जाने वाला यह हमला 26 से 29 नवंबर 2008 के बीच मुंबई में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दस आतंकवादियों द्वारा किए गए बारह समन्वित हमलों की एक श्रृंखला था, जिसमें 166 निर्दोष लोगों सहित कुल 175 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक घायल हुए थे।

कराची से समुद्री रास्ते के जरिए दक्षिण मुंबई के तट पर पहुंचे इन आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, ताज महल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, लियोपोल्ड कैफे, कामा अस्पताल और नरीमन हाउस सहित आठ स्थानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। 

28 नवंबर की सुबह तक सुरक्षा बलों ने ताज होटल को छोड़कर बाकी सभी जगहों को अपने नियंत्रण में ले लिया था, जिसके बाद 29 नवंबर को नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) ने ऑपरेशन ब्लैक टॉरनेडो चलाकर ताज होटल में बचे आखिरी आतंकवादियों को भी मार गिराया।

सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को अशोक चक्र से सम्मान

इस भीषण आतंकी हमले में अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारत माता के महान सपूतों को भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। इन अमर शहीदों में मुंबई पुलिस के जांबाज अधिकारी जॉइंट पुलिस कमिश्नर हेमंत करकरे, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अशोक कामटे, सीनियर इंस्पेक्टर विजय साळसकर और ASI तुकाराम ओंबळे शामिल हैं। इनके साथ ही एनएसजी के जांबाज मेजर संदीप उन्नीकृष्णन और हवलदार गजेंद्र सिंह बिष्ट ने भी अपने प्राणों की आहुति दी, जिनकी वीरता और देशभक्ति को पूरा राष्ट्र आज भी कृतज्ञता के साथ नमन करता है।

रिलेटेड टॉपिक्स