दीपावली की पूर्व संध्या पर देशभर में अलग-अलग स्थानों पर दीपावली मिलन समारोह आयोजित किए गए। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के इंदौर में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नंदा नगर स्थित एक वृद्धाश्रम में दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। उन्होंने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों और दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने सभी के साथ अंताक्षरी खेली और मनोरंजन के लिए कई गाने भी गाए। वृद्धाश्रम के बुजुर्गों और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला भी मौजूद रहे।
इसकी कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए उन्होनें लिखा, "दूसरों के जीवन में उजियारा लाए। उनके चेहरों पर मुस्कान सजाए। आओ हम सब ऐसी दिवाली मनाए। पिछले दो दशक से हम सब माननीय कैलाश विजयवर्गीय जी के साथ आस्था वृद्धाश्रम और अनाथाश्रम में बुजुर्ग और असहाय बच्चों के साथ दिवाली मनाते है।इस बार भी उनके जीवन में खुशियों का दीप जलाने की कोशिश की।" वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित पत्रकार दीपावली मिलन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सभी पत्रकारों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओरछा स्थित प्रसिद्ध श्री रामराजा मंदिर में विधि-विधान से दर्शन और पूजन किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री भजन-कीर्तन में भी शामिल हुए और स्थानीय लोगों से संवाद किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित गढ़वाल ग्रीन्स ट्रेनिंग ग्राउंड में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में सैनिकों के साथ दीपावली मनाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सैनिकों को मिठाई खिलाई और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जवानों से आत्मीय बातचीत भी की। साथ ही, देश की रक्षा में उनके साहस, वीरता और समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।