इंदौर में प्रॉपर्टी विवाद में डबल मर्डर, बेटे पर पिता और बहन की हत्या का आरोप

रिपोर्ट्स की मानें तो, राजू यादव की हत्या 18 नवंबर को की गई थी। वहीं हर्षिता यादव की हत्या 19 नवंबर को की गई थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पिता की हत्या के बाद उनके शव को ठिकाने लगाया गया और फिर बहन की गला घोंटकर हत्या की गई।

इंदौर में प्रॉपर्टी विवाद में डबल मर्डर, बेटे पर पिता और बहन की हत्या का आरोप

हर्ष यादव पर अपने पिता राजू यादव और बहन हर्षिता यादव की हत्या करने का आरोप लगा है।

Share:

Highlights

  • इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हर्ष यादव के एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
  • परिवार की संपत्ति और उसकी बिक्री से जुड़े पैसों-दस्तावेजों को लेकर हर्ष का पिता व बहन से विवाद चल रहा था।
  • मुख्य आरोपी हर्ष यादव अभी फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई है।

मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर डबल मर्डर का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपने पिता और बहन की हत्या करने का आरोप लगा है। शुरुआती जांच में संपत्ति की बिक्री से मिले पैसों और दस्तावेजों का विवाद सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हर्ष यादव के एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं हर्ष अब भी फरार है। पूरी घटना का खुलासा शुक्रवार 20 नवंबर की शाम को हुआ, जब एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर स्थित एक किराए के मकान में एक युवती को शव मिला।

ताला बंद मकान में मिला युवती का शव

मकान पर ताला लगा देख पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। इस दौरान बेडरूम में हर्षिता यादव का शव मिला। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। शुरुआत में पुलिस ने हर्षिता के पिता राजू यादव की तलाशी भी प्रारंभ की, क्योंकि वो भी काफी समय से लापता थे। इसी बीच पुलिस को हातोद थाना क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली।

चादर में लिपटा मिला पिता का शव

जांच के दौरान शव की पहचान राजू यादव के रूप में हुई। उनके शव पर चोट के निशान थे और बाएं हाथ का पंजा कटा हुआ मिला। शव को ठिकाने लगाने के लिए चादर में लपेटकर फेंका गया था। पुलिस की शुरुआती जांच में प्रॉपर्टी की बिक्री से मिले पैसों और दस्तावेजों को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, यादव परिवार मूल रूप से इंदौर के ही तंबोली बाखल का रहने वाला है। पिता और बेटी किराए के मकान में रहते थे, जबकि हर्ष अलग रहता था।

50-60 लाख के प्रॉपर्टी सौदे को लेकर था विवाद

जांच में सामने आया है कि परिवार की संपत्ति और उसकी बिक्री से जुड़े पैसों व दस्तावेजों को लेकर हर्ष का अपने पिता और बहन से विवाद चल रहा था। राजू यादव ने हाल ही में एक प्रॉपर्टी का 50-60 लाख रुपये में सौदा किया था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते हर्ष ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर हत्याओं की साजिश रची। रिपोर्ट्स की मानें तो, राजू यादव की हत्या 18 नवंबर को की गई थी।

वहीं हर्षिता यादव की हत्या 19 नवंबर को की गई थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पिता की हत्या के बाद उनके शव को ठिकाने लगाया गया और फिर बहन की गला घोंटकर हत्या की गई। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हर्ष के एक नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी हर्ष यादव अभी फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

रिलेटेड टॉपिक्स