पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच हुए गठबंधन के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर खुशी जताते हुए लिखा, "पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सबसे ऊपर रखना! मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी हो रही है, और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर। हमारा यह गठबंधन स्वाभाविक है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले, जो राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाए। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा संवारा गया अकाली दल-BJP गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।"
गैंगस्टरवाद के रिमोट कंट्रोल पर सुखजिंदर सिंह रंधावा का तंज
वहीं दूसरी तरफ, पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इस गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए X पर लिखा, "BJP के साथ गठबंधन करने पर सुखबीर सिंह बादल को बधाई। पंजाब से गैंगस्टरवाद खत्म करने का उनका वादा निश्चित रूप से एक बड़ा लक्ष्य है और इसका स्वागत किया जाना चाहिए। शुरुआत के लिए एक छोटा सा सुझाव, अपने नए गठबंधन सहयोगियों से कहें कि वे सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि BJP शासित राज्यों की जेलों में बंद गैंगस्टर मोबाइल फोन का बेरोकटोक इस्तेमाल न कर सकें और वहां से पंजाब में अपना धंधा न चला सकें। आखिरकार, जब तक गैंगस्टरवाद का रिमोट कंट्रोल कहीं और से चल रहा होगा, तब तक पंजाब से इसे खत्म नहीं किया जा सकता! यह बस एक सुझाव है, ताकि इस गठबंधन की शुरुआत सही ढंग से हो सके।"
नशे और किसान आंदोलन के मुद्दे पर सौरभ भारद्वाज ने घेरा
आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में 15 साल तक BJP-SAD का शासन रहा और उनके कार्यकाल में नशा एक महामारी की तरह फैल गया, जिस पर अब भगवंत मान की सरकार आने के बाद अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता युवाओं को नशे की लत में धकेलने वालों को दोबारा सत्ता में नहीं लाएगी। भारद्वाज ने आगे सवाल उठाते हुए कहा, "अमित शाह को सिंघु बॉर्डर पर पंजाब के 750 से ज्यादा सिख किसानों की शहादत का जवाब देना चाहिए। अकाली दल आखिर किस जमीर से उन लोगों के साथ गठबंधन कर सकता है, जिन्होंने सिखों और सिख किसानों को आतंकवादी या खालिस्तानी कहा, या यहाँ तक कि उन्हें कनाडा समर्थित आंदोलन-जीवी करार दिया? अकाली दल को सबसे पहले इन मुद्दों पर बात करनी चाहिए।"
बड़ा भाई बनाने की रणनीति पर AAP का दावा
पंजाब चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर चर्चा के दौरान, जब BJP द्वारा अपने गठबंधन में SAD को बड़ा भाई घोषित करने के बारे में पूछा गया, तो सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि BJP के काम करने का तरीका यही है। वे पहले किसी को बड़ा भाई बनाते हैं और फिर राजनीतिक रूप से उसे खत्म कर देते हैं। अपने आरोप के समर्थन में उन्होंने बीजू जनता दल (BJD) के प्रमुख नवीन पटनायक और बिहार में नीतीश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि BJP ने उन्हें भी बड़ा भाई कहकर किनारे कर दिया। भारद्वाज ने कहा कि अगर BJP ने अब अकाली दल को बड़ा भाई बनाया है, तो इसका मतलब है कि उसने इन्हें भी राजनीतिक रूप से खत्म करने का फैसला कर लिया है।