प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बेंगलुरु स्थित स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (S-VYASA) के आवासीय मुख्यालय परिसर प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह और एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल माध्यम से गोल्डन जुबली प्रशासनिक ब्लॉक की आधारशिला रखी और तिरुवनंतपुरम में S-VYASA के नए ऑफ-कैंपस का शुभारंभ किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्व सरकार्यवाह (1987-2000) रहे एच.वी. शेषाद्रि S-VYASA के दूरदर्शियों में से एक थे और उनकी प्रेरणा तथा मार्गदर्शन ने दशकों से प्रशांति कुटीरम के विकास को आकार देने और संस्थान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव और RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कर्नाटक की महान विरासत के बीच प्रशांति कुटीरम की 50 वर्षों की यात्रा सेवा और समर्पण की एक असाधारण गाथा है, जिसे हर भारतीय को जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक साधारण योग केंद्र का इतने विशाल आंदोलन के रूप में विकसित होना अपने आप में एक प्रेरणा है।
स्वामी विवेकानंद जैसे ऋषियों से मिली प्रेरणा के कारण ही प्रशांति कुटीरम जैसी संस्थाओं की स्थापना हुई। यहाँ न केवल योग को जन-जन तक पहुँचाने का अभियान शुरू किया गया, बल्कि आधुनिक विज्ञान के मानकों पर खरा उतरने वाला गहन शोध भी किया गया। तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के समाधान पर यहाँ किया गया शोध आज पूरी दुनिया के काम आ रहा है।
उन्होंने बताया कि विश्व के अनेक प्रतिष्ठित नेताओं के परिजनों का योग से संबंध रहा है, जो दर्शाता है कि योग के द्वारा भारत कहाँ-कहाँ पहुंच गया है। ऐसा लगता है कि योग, भारत को समझने का एक द्वार बन गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आयुर्वेद का भी जिक्र करते हुए कहा कि आयुर्वेद के 150 से अधिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को विभिन्न देशों में मान्यता दी गई है और इसके विस्तार को बढ़ावा देने के लिए 28 देशों के साथ MoUs पर हस्ताक्षर किए गए हैं। आज, होलिस्टिक हेल्थकेयर एक वैश्विक आंदोलन के रूप में उभरा है और इसमें आयुर्वेद तथा नेचुरोपैथी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र-निर्माण के मिशन के लिए समर्पित कर दिया। वे समझते थे कि किसी राष्ट्र को सफलता के शिखर तक ले जाने के लिए ऐसे नागरिकों की आवश्यकता होती है जो समर्पित, सक्षम और अनुशासित हो।
उन्होंने अपना जीवन ऐसे ही व्यक्तियों को तैयार करने में लगा दिया। इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में कालेना अग्रहारा से एस.जी. पाल्या तक नम्मा मेट्रो की 'पिंक लाइन' का उद्घाटन किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इस नई मेट्रो सेवा की शुरुआत की और तावरेकेरे से आईआईएम बैंगलोर स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, कृष्णा बायरे गौड़ा, तेजस्वी सूर्या और राज्यपाल डॉ. सुधा यादव भी मौजूद रहीं।