प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर हैं। इसी क्रम में उन्होंने आज बेंगलुरु को 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री ने शहर में विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करने के साथ ही कई नए कार्यों की आधारशिला भी रखी। इन प्रमुख परियोजनाओं में बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के कालेना अग्रहारा से तावरकेरे तक के एलिवेटेड सेक्शन का उद्घाटन और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर व सुब्रह्मण्य रोड स्टेशनों का उद्घाटन शामिल है।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेल सेक्शन के इलेक्ट्रिफिकेशन, बागलकोट-वंडाल रेल लाइन के दोहरीकरण, HPCL के 80 TMT क्षमता वाले मैंगलोर LPG भंडारण संयंत्र और MRPL के देवनगोंदी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही, प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु के हरलकुंटे में कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का शिलान्यास भी किया।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने X पर कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "IIM बैंगलोर ऑडिटोरियम में, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ, 15,600 करोड़ रुपये की लागत वाली पूरी हो चुकी विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में शामिल हुआ।" उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं कर्नाटक के विकास को नई गति देंगी और राज्य के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगी।"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने, कनेक्टिविटी को मजबूत करने और एक समृद्ध, सस्टेनेबल तथा फ्यूचर-रेडी कर्नाटक की नींव रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी सरकार विकास को समावेशी बनाने और यह सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना जारी रखेगी कि इसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इस अवसर पर राज्यपाल डॉ. सुधा यादव, मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा और सांसद तेजस्वी सूर्या के साथ कई अन्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत बेंगलुरु की अधिष्ठात्री देवी अण्णम्मा ताई और शहर के संस्थापक नादप्रभु केम्पेगौड़ा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि आज का दिन बेंगलुरु और कर्नाटक की विकास यात्रा को एक नई गति देने वाला है। यहाँ कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा पर केंद्रित 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की जा रही है। मेट्रो और रेलवे से जुड़ी पहलों से लेकर ऊर्जा सुरक्षा से संबंधित कार्यों तक, ये सभी परियोजनाएं कर्नाटक के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती देंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि ये परियोजनाएं विकसित कर्नाटक के संकल्प को गति देंगी, जिससे विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। इसी क्रम में आज बेंगलुरु मेट्रो की नई पिंक लाइन जनता को समर्पित की गई है। इससे IIM बेंगलुरु सहित कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और कमर्शियल सेंटर्स की आपसी कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
नम्मा मेट्रो की इस उपलब्धि पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली-NCR और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा ऐसा शहर बन गया है, जहाँ मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर के आंकड़े तक पहुँच गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नम्मा मेट्रो की सफलता केवल एक परियोजना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ट्रैवल को लेकर देश की नई सोच तथा मध्यम वर्गीय परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज रेलवे पुराने दौर की पारंपरिक सोच को पीछे छोड़कर एक नई विरासत और पहचान गढ़ रहा है। हमारे रेलवे स्टेशन, इंजन और कोच, इन सभी पर अब आत्मनिर्भर भारत की स्पष्ट छाप दिखाई देती है। वंदे भारत ट्रेनों से लेकर अमृत भारत स्टेशनों तक, ये सभी विकसित भारत की आधुनिक रेल सेवाओं की झलक पेश करते हैं। इसी कड़ी में कर्नाटक के चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रमण्य रोड सहित 60 से अधिक रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशनों के रूप में विकसित किया जा रहा है।