भारतीय खेल जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में भारतीय खिलाड़ियों और कोचों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
दिग्गज प्रशिक्षकों को मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार
पुरस्कार पाने वाले प्रशिक्षकों में परवीर सिंह को प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार से नवाजा गया। उन्होंने तजिंदरपाल सिंह तूर और अन्नू रानी जैसे दिग्गज एथलीटों को प्रशिक्षण देकर देश का मान बढ़ाया है। मुक्केबाजी प्रशिक्षक छोटेलाल यादव को भी उनके योगदान के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उन्होंने एमसी मैरीकॉम, जैस्मिन लैम्बोरिया और साक्षी चौधरी जैसी मुक्केबाजों को प्रशिक्षित कर भारतीय मुक्केबाजी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। सम्मान पाने वालों में निशानेबाजी प्रशिक्षक नेहा नंद कुमार चौहान भी शामिल रहीं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले कई निशानेबाजों को तैयार किया है।
वहीं, दिग्गज कुश्ती प्रशिक्षक वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार (जीवन पर्यंत) से सम्मानित किया गया। उन्होंने सुशील कुमार और दीपक पुनिया जैसे कई पहलवानों को प्रशिक्षण देकर भारतीय कुश्ती को वैश्विक पहचान दिलाई है। इनके अलावा धर्मेंद्र सिंह यादव को भी द्रोणाचार्य पुरस्कार (जीवन पर्यंत) से सम्मानित किया गया।
इन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार
समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने देश का नाम रोशन करने वाले कई खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया। पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), मुहम्मद अजमल वरियाथोडी (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), ट्रीसा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), नरेंद्र (मुक्केबाजी), विदित संतोष गुजराती (शतरंज) और दिव्या जितेंद्र देशमुख (शतरंज) शामिल हैं।
इनके साथ ही धनुष श्रीकांत (बधिर शूटिंग), लालरेम्सियामी (हॉकी), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), पूजा (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग), एकता भ्याण (पैरा-शूटिंग), अरविंद सिंह (रोइंग) और अखिल श्योराण (शूटिंग) को भी अर्जुन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।