उत्तर प्रदेश की राजनीति में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक ताजा बयान ने सियासी हलचल तेज कर दी है। 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी का चेहरा कमल होता है और पार्टी इसी चुनाव चिह्न के आधार पर मैदान में उतरती है। उन्होंने साफ किया कि चुनाव परिणामों के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होती है, जहां आम सहमति से नेता चुना जाता है। वर्तमान स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अभी योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं, लेकिन भविष्य में वे इस पद पर बने रहेंगे या कोई और जिम्मेदारी संभालेगा, यह तय करना उनका काम नहीं है, बल्कि इसका फैसला उस समय चुने गए विधायक ही करेंगे।
विपक्षी एकता हो या फूट, भाजपा पर असर नहीं
विपक्ष पर निशाना साधते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें मसूद ने कहा था कि उनकी पार्टी सीटों के लिए भीख नहीं मांग रही है। इस पर मौर्य ने कहा कि इमरान मसूद, राहुल गांधी या आराधना मिश्रा नाराज हों, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल आपस में लड़ें या एकजुट रहें, इससे भाजपा की सेहत पर कोई असर नहीं होने वाला है। अपनी पार्टी की मजबूती का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि 100 में से 60 प्रतिशत वोट भाजपा के साथ हैं, जबकि शेष 40 प्रतिशत वोट बंटे हुए हैं, जिनमें से भी सबका साथ, सबका विकास की नीति और डबल इंजन सरकार के कामों की वजह से भाजपा को समर्थन मिलता है।
2047 तक भाजपा की सत्ता का किया दावा
सपा और कांग्रेस के बीच चल रही सीटों की खींचतान पर तंज कसते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने कांग्रेस को उसकी हैसियत बता दी है और अब कांग्रेस को सपा की हैसियत बता देनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इन दोनों दलों के बीच गठबंधन की खिचड़ी पके या न पके, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि विपक्ष की हार और भाजपा की जीत तय है। अंत में उन्होंने दावा किया कि सपा, कांग्रेस और बसपा का राजनीतिक भविष्य उत्तर प्रदेश में 2047 तक अंधकारमय है, जबकि भाजपा वर्तमान में भी है और 2047 तक सत्ता में बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए भाजपा कार्यकर्ता हर संभव प्रयास करेंगे।