देश भर के बैंक ग्राहकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई वार्ता के बाद 28 से 30 सितंबर तक होने वाली देशव्यापी बैंक हड़ताल को टाल दिया गया है। इस फैसले के बाद अब बैंकिंग सेवाएं देश भर में सामान्य रूप से जारी रहेंगी, बैंक शाखाएं खुली रहेंगी और ग्राहक बिना किसी बाधा के अपनी नियमित सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
गौरतलब है कि यह हड़ताल हफ्ते में पांच दिन काम करने की व्यवस्था (5-डे बैंकिंग) लागू करने, पेंशन से जुड़े लाभ और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में बदलाव जैसी प्रमुख मांगों को लेकर बुलाई गई थी। UFBU ने एक बयान में कहा कि बाकी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए IBA और UFBU की एक हाई-लेवल कमेटी तुरंत बनाई जाएगी। यह कमेटी सभी संभावित विकल्पों पर गौर करेगी, सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ चर्चा करेगी और ऐसा समाधान निकालेगी जो सभी स्टेकहोल्डर्स और सबसे जरूरी, ग्राहकों को मंजूर हो।
बयान में यह भी कहा गया कि, "स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम के संबंध में, यूनियनों/एसोसिएशनों की आपत्तियों/सुझावों को ध्यान में रखते हुए सरकार को स्कीम में बदलाव का प्रस्ताव देने के लिए IBA के साथ चर्चा शुरू की जा सकती है।" महीना खत्म होने के साथ ही यह समय बैंकों की हाफ-ईयरली क्लोजिंग का भी है। ऐसे में अगर हड़ताल होती, तो लोगों के कई जरूरी बैंकिंग काम अटक सकते थे। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि हड़ताल को सिर्फ टाला गया है। अगर आने वाले दिनों में कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो भविष्य में ऐसा कदम फिर से उठाया जा सकता है।