भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी खुशखबर सामने आई है। राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा हो चुकी है और इस बार भारतीय हॉकी टीम के उपकप्तान हार्दिक सिंह को खेलों के सबसे बड़े सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार देने के लिए चुना गया है। चयन समिति ने ही उनके नाम पर मुहर लगाई है। इस साल ये प्रतिष्ठित पुरस्कार पाने वाले हार्दिक एकमात्र खिलाड़ी हैं।
हार्दिक पुरुष हॉकी टीम के एक अनुभवी खिलाड़ी तो है ही, साथ ही वो एक भरोसेमंद मिडफील्डर भी माने जाते हैं। उनकी खेल की समझ, तेज़ पासिंग और मैदान पर संतुलन बनाने की क्षमता टीम के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुई है। 27 वर्षीय हार्दिक 2020 टोक्यो और 2024 पेरिस ओलंपिक्स में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे हैं।
उन्होंने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023, एशियन गेम्स और एशिया कप 2025 में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई है। लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण ही इस पुरस्कार के लिए उनके नाम पर विचार किया गया।
इसके साथ, अर्जुन पुरस्कार के लिए भी 24 खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में कुश्ती, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, शतरंज, एथलेटिक्स और शूटिंग आदि खेलों के खिलाड़ी शामिल है। दिलचस्प बात यह है कि इस बार किसी भी क्रिकेट खिलाड़ी को अर्जुन पुरस्कार नहीं मिलेगा।
इस पुरस्कार को पाने वालों में शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती, एथलीट प्रियंका और तेजस्विन शंकर, पोलो खिलाड़ी पद्मनाभ सिंह, कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, बॉक्सर नरेंद्र, पहलवान सोनम मालिक, बैडमिंटन खिलाड़ी गायत्री गोपीचंद और टेबल टेनिस खिलाड़ी सुतीर्था मुखर्जी जैसे कई अन्य प्रसिद्ध नाम भी शामिल है।
इस साल एक ख़ास बात और भी है। पहली बार योगासन से भी किसी को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। योगासन खिलाड़ी आरती पाल को भी इस बार अर्जुन पुरस्कार से नवाज़ा जाएगा। भारत सरकार ने खेल मंत्रालय और आयुष मंत्रालय के ज़रिए 2020 के आखिर में योगासन को एक कॉम्पिटिटिव खेल के तौर पर औपचारिक रूप से मान्यता दी थी।
साथ ही इस साल किसी भी क्रिकेटर को ये सम्मान न मिलना चर्चा का विषय बना हुआ है। अंतिम बार तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी को 2023 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस पुरस्कार में वीर अर्जुन की कांस्य प्रतिमा, सर्टिफिकेट और 15 लाख रूपए का नकद इनाम शामिल है, जो देश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की लगन और उपलब्धियों का प्रतीक है।