नई दिल्ली: भारत की तीनों सेनाओं थलसेना, नौसेना और वायुसेना ने पश्चिमी सीमा पर संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘एक्सरसाइज त्रिशूल’ की शुरुआत कर दी है। यह भारत की सबसे बड़ी ट्राई-सर्विसेज (Tri-Services) एक्सरसाइज मानी जा रही है, जो गुजरात और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में आयोजित हो रही है। इस अभ्यास का उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच संयोजन (Coordination) और संयुक्त युद्ध क्षमता (Jointness) को और मजबूत बनाना है।
क्या है ‘एक्सरसाइज त्रिशूल’? :
‘एक्सरसाइज त्रिशूल’ का पूरा नाम है Tri-Services Synergy Enabling Integrated Operations। इसका संस्कृत ध्येय वाक्य है “त्रिशूलं समन्वयस्य बलम्”, जिसका अर्थ है “एकता ही शक्ति है।”इस एक्सरसाइज के जरिए यह परखा जा रहा है कि भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना भविष्य के युद्धों में कैसे एकजुट होकर जमीन, समुद्र, हवा और साइबर स्पेस में एक साथ काम कर सकती हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अभ्यास के दौरान कहा कि भारत अपनी सीमाओं की रक्षा को लेकर पूरी तरह सक्षम है और किसी भी दुश्मन की हिमाकत का जवाब देने में सक्षम रहेगा।
कब और कहां हो रहा है अभ्यास :
यह अभ्यास 30 अक्टूबर से 10 नवंबर 2025 तक चलेगा, जिसे जरूरत पड़ने पर 13 नवंबर तक बढ़ाया जा सकता है। एक्सरसाइज का केंद्र गुजरात और राजस्थान का सीमावर्ती क्षेत्र, विशेष रूप से सर क्रीक इलाका है जो भारत और पाकिस्तान के बीच विवादित माना जाता है। इस क्षेत्र में दलदली और तटीय भूभाग है, जहां तीनों सेनाओं के 20,000 से अधिक जवान भाग ले रहे हैं। दक्षिणी कमांड (Southern Command) इस अभ्यास का नेतृत्व कर रही है।
क्या-क्या शामिल है अभ्यास में :
जॉइंट ऑपरेशन ड्रिल्स: तीनों सेनाएं एक साथ मिलकर युद्ध रणनीति और हमलों की प्रैक्टिस करेंगी।
हथियार प्रदर्शन: अभ्यास में टी-90 टैंक, राफेल जेट, ब्रह्मोस मिसाइल, सबमरीन और युद्धपोतों का इस्तेमाल होगा।
इनोवेशन और टेक्नोलॉजी: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नेटवर्क-आधारित ऑपरेशंस का अभ्यास भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारत की सेनाओं को फ्यूचर-रेडी और टेक्नोलॉजी-सक्षम फोर्स के रूप में तैयार करना है।
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया :
भारत की इस विशाल एक्सरसाइज के ऐलान के बाद पाकिस्तान ने भी अपने कदम तेज कर दिए हैं। पाकिस्तान ने लगातार दो ‘NOTAM’ (Notice to Airmen) जारी किए हैं, जिससे उसका मध्य और दक्षिणी हवाई क्षेत्र 1 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक आंशिक रूप से बंद रहेगा।इसके साथ ही पाकिस्तान ने नेवल नेविगेशनल वार्निंग जारी करते हुए समुद्री इलाके में फायरिंग ड्रिल्स की घोषणा की है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान की ये गतिविधियाँ भारत की एक्सरसाइज को लेकर उसकी चिंता को दर्शाती हैं। खासकर सर क्रीक क्षेत्र में भारत की सक्रियता और ब्रह्मोस मिसाइल जैसी क्षमताएँ पाकिस्तान को चौकन्ना कर रही हैं।
क्या पाकिस्तान डर गया है? :
विश्लेषकों के मुताबिक, पाकिस्तान डरा नहीं, बल्कि सतर्क है। बड़े सैन्य अभ्यासों के दौरान दोनों देश अपने हवाई और समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा अलर्ट जारी करते हैं ताकि कोई दुर्घटना न हो।हालाँकि, पाकिस्तान द्वारा इतनी जल्दी दो नोटैम जारी करना इस बात का संकेत है कि वह भारत की गतिविधियों पर करीबी नजर रख रहा है।