प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT खड़गपुर) के प्लैटिनम जुबली समारोह में शिरकत की। संस्थान की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री ने एक विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने संस्थान के छात्रों और प्रोफेसरों के साथ संवाद भी किया। अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में देर से पहुँचने के लिए खेद व्यक्त किया और बताया कि खराब मौसम के कारण उन्हें सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी, जिससे देरी हुई। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर के इस प्लैटिनम जुबली समारोह में उन्हें भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य एक साथ देखने को मिल रहा है, जहाँ एक बेहद प्रतिभाशाली और आकांक्षी पीढ़ी मौजूद है।
उन्होंने उल्लेख किया कि पिछले 75 वर्षों में इस संस्थान ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इस अवधि के दौरान भारत ने बैलगाड़ियों से लेकर बुलेट ट्रेनों तक और डाक पत्रों से लेकर सोशल मीडिया संदेशों तक एक अद्भुत बदलाव देखा है और इन सभी चरणों में देश के पहले IIT के रूप में इस संस्थान ने अहम भूमिका निभाई है।
बंगाल की धरती विचारों को देती है बल
प्रधानमंत्री ने बंगाल की धरती को विचारों को बल देने वाली और राष्ट्रीय आंदोलनों की जननी बताया। उन्होंने याद दिलाया कि यह संस्थान उस स्थान पर स्थित है, जो कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए एक डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन्होंने कहा कि यहाँ का वातावरण आज भी उन सेनानियों के जीवन, विचारों और गतिविधियों की गूँज से भरा हुआ है, जो आज की पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक मंत्र की तरह प्रेरणा का स्रोत है।
स्वशासन की आकांक्षा से आत्मनिर्भरता के संकल्प तक
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दशकों पहले इन्हीं कैंपों ने स्वशासन की चाह रखने वाले भारतीयों के अदम्य साहस को देखा था, और आज उसी भूमि पर यह संस्थान नई ऊर्जा के साथ युवा प्रतिभाओं को संवार रहा है। प्रधानमंत्री के अनुसार, इन युवाओं के इनोवेशन ही भारत को आत्मनिर्भर बनाने की मुख्य प्रेरक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि यह भूमि अब स्वशासन की आकांक्षा से आगे बढ़कर आत्मनिर्भरता के संकल्प और भविष्य को आकार देने के अवसर को दर्शाती है।
संस्थान के योगदान को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि जब IIT खड़गपुर की शुरुआत हुई थी, तब देश को आजाद हुए कुछ ही समय हुआ था और उद्योगों व बुनियादी ढाँचे के लिए इंजीनियरों की आवश्यकता थी। समय के साथ, यहाँ के स्नातकों ने देश के अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया और फिर IT के दौर में भारतीय सॉफ्टवेयर उद्योग को मजबूत करते हुए दुनिया की बड़ी कंपनियों का नेतृत्व किया।
गरीबी उन्मूलन पर पिछली सरकारों को घेरा
प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत ने अब पुरानी सीमाओं को तोड़कर संभावनाओं के नए द्वार खोलने का संकल्प लिया है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 20 साल पहले तक देश में गरीबी को एक स्थायी समस्या मान लिया गया था और पाँच दशक पहले लाल किले से नारे तो लगाए जाते थे, लेकिन नीतियां फाइलों में ही दब जाती थीं।
उन्होंने याद किया कि जब पहली बार सत्ता में आने के बाद उन्होंने लाल किले से गरीबों के लिए शौचालय बनवाने की घोषणा की थी, तो संसद में उनका मजाक उड़ाया गया था, क्योंकि आलोचक गरीब महिलाओं और माताओं के लिए इसकी अहमियत को नहीं समझ पाए थे।
सीमित करने वाली धारणाओं को तोड़कर आगे बढ़ता भारत
मानसिकता में बदलाव की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अक्सर लोग सीमित करने वाली धारणाओं (limiting beliefs) के कारण अपने सपनों, प्रतिभा और देश की क्षमताओं पर खुद ही पाबंदियाँ लगा लेते हैं।
उन्होंने कहा कि जड़ मानसिकता के साथ जीने वाले लोग वास्तविक जीवन नहीं जी पाते और कोई भी देश अपनी असली क्षमता को तभी पहचान पाता है जब वह अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ता है, जिसे भारत ने पिछले कुछ वर्षों में कर दिखाया है।
सेमीकंडक्टर मिशन की सफलता और चिप्स का निर्यात
अंत में, उन्होंने सेमीकंडक्टर मिशन का उदाहरण देते हुए बताया कि इसकी शुरुआत के समय कई लोगों ने यह कहकर सवाल उठाए थे कि भारत इसके लिए 50 साल पिछड़ चुका है और अब इसका कोई लाभ नहीं होगा। उन्होंने खुलासा किया कि 50 साल पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए आई भी थी, लेकिन व्यवस्थागत रुकावटों के कारण सफल नहीं हो सकी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस सीमित सोच को नकारते हुए अधिकारियों के साथ मिलकर योजना तैयार की, जिसका परिणाम यह है कि महज चार वर्षों के भीतर देश में कई सेमीकंडक्टर इकाइयाँ स्थापित हो चुकी हैं और भारत ने चिप्स का निर्यात भी शुरू कर दिया है। उन्होंने गर्व के साथ उल्लेख किया कि आज IIT खड़गपुर के कई पूर्व छात्र इन इकाइयों का नेतृत्व कर रहे हैं।