भोपाल: मध्यप्रदेश एवं कर्नाटक में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव की घटनाओं से तनाव फैल गया। दोनों राज्यों में रविवार यानि 7 सितंबर 2025 की रात दो समुदाय आमने-सामने आ गए, जिसमें कई लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए बल तैनात कर दिया है और कई आरोपियों को हिरासत में लिया है।
बुरहानपुर: हनुमान चालीसा पाठ के बाद हिंसा -
खबरों का कहना है कि मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के बिरोदा गांव में रविवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के पश्चात आयोजित हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पथराव की घटना हो गई। पुलिस का इस बारें में कहना है कि, चंद्रग्रहण के कारण एक प्रतिमा का विसर्जन अगले दिन होना था। उसी दौरान जब पाठ समाप्त हुआ, अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई।
इस घटना में 7 लोग जख्मी हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति नियंत्रित की। पुलिस ने 7 आरोपियों को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
कुछ रिपोर्ट्स का कहना है कि जिला एसपी आशुतोष बागरी ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। वहीं स्थानीय भारतीय जनता पार्टी की विधायक अर्चना चिटनिस ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की माँग की। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी इसी गांव में ऐसी घटना हो चुकी है और अब दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
मंड्या: मस्जिद के सामने से गुजरते समय हमला -
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो कर्नाटक के मंड्या जिले में भी रविवार रात गणेश विसर्जन जुलूस के बीच पत्थरबाजी हुई। घटना मड्डूर शहर की है, जहाँ जुलूस मस्जिद के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान दोनों समुदायों में टकराव हो गया और पथराव शुरू हो गया। इसमें 8 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार किया और दो FIR दर्ज की हैं। सोमवार को घटना के विरोध में प्रो-हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान आगजनी भी हुई। राज्य सरकार ने इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
नेताओं की प्रतिक्रियाएँ :
कर्नाटक के गृहमंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि मड्डूर घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हालात नियंत्रण में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जुलूस के दौरान झंडे को लेकर विवाद हुआ और एक जगह बच्चों पर थूकने की घटना भी सामने आई।
इतना ही नहीं इस पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कट्टर असामाजिक तत्व जुलूसों पर लगातार हमले कर रहे हैं, जिससे महिलाएँ और पुलिसकर्मी तक घायल हो रहे हैं।