तमिलनाडु चुनाव : NDA में सीट बंटवारा तय, AIADMK 178 और BJP 27 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले NDA गठबंधन में सीट बंटवारा तय हो गया है, जिसमें AIADMK सबसे बड़ी पार्टी के रूप में 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। BJP, PMK और AMMK को 27, 18 और 11 सीटें दी गई हैं। गठबंधन के नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव जीतने का भरोसा जताया और DMK सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और शासन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। वहीं विपक्षी गठबंधन SPA में भी सीटों का बंटवारा हो चुका है, लेकिन DMK कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह अभी साफ नहीं है।

तमिलनाडु चुनाव : NDA में सीट बंटवारा तय, AIADMK 178 और BJP 27 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

इस घोषणा के दौरान NDA गठबंधन की पार्टियों के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Share:

Highlights

  • NDA में सीट बंटवारा तय, AIADMK सबसे ज्यादा 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
  • BJP को 27, PMK को 18 और AMMK को 11 सीटें मिलीं।
  • सभी सहयोगी दलों ने जीत का दावा किया, DMK सरकार पर निशाना साधा।

तमिलनाडु में अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासत गरमा गई है। राज्य में सत्ता हासिल करने के लिए नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) ने अपनी कमर कस ली है। काफी दिनों से चल रही चर्चाओं के बाद अंततः गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है। इस बार के चुनाव में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (AIADMK) गठबंधन का नेतृत्व कर रही है और उसने अपने सहयोगी दलों के साथ सीटों का हिसाब-किताब साफ कर दिया है। गठबंधन के तहत तय हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) 27 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं डॉ. अंबुमणि रामदास की पार्टी पट्टाली मक्कल काची (PMK) को 18 सीटें दी गई हैं।

इसके अलावा टी. टी. वी. दिनाकरन की अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कळगम (AMMK) को 11 सीटों पर ही संतोष करना होगा। बाकी बची हुई 178 सीटों पर AIADMK चुनाव लड़ेगी। सीट बंटवारे के बाद केंद्रीय मंत्री और BJP के तमिलनाडु चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने कहा, "हम सब एक परिवार हैं और हम चुनाव जीतने के लिए लड़ेंगे। हम 27 सीटों से बहुत संतुष्ट हैं। हम चुनाव में जबरदस्त जीत हासिल करेंगे, क्योंकि राज्य की जनता मुख्यमंत्री स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन से तंग आ चुकी है। उन्होंने राज्य की संस्कृति को ठेस पहुँचाई है। राज्य में NDA की सरकार बनेगी।"

वहीं PMK के अध्यक्ष डॉ. अंबुमणि रामदास ने कहा, "राज्य में कानून-व्यवस्था की बहुत बड़ी समस्या है। हर दिन महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। हमें पूरा भरोसा है कि हम 234 में से 200 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में आएंगे। अगर DMK ने पिछले पांच सालों में तमिलनाडु के लिए इतना कुछ किया है, तो उन्हें गठबंधन के लिए इतनी सारी पार्टियों की जरूरत क्यों पड़ रही है? अगर आपने तमिलनाडु के लिए इतना कुछ किया है, तो आप अपनी उपलब्धियों के दम पर खड़े हों। भ्रष्टाचार, वसूली और कमीशन के अलावा उन्होंने कोई उपलब्धि हासिल नहीं की है। DMK डरी हुई है। लोगों ने उन्हें पहले ही पांच साल का मौका दिया है और लोग उन्हें सत्ता से बाहर निकालने का इंतजार कर रहे हैं।"

इन दोनों के अलावा AMMK के महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने कहा, "हम 11 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। सीट बंटवारे से हम सभी बहुत खुश हैं। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद करता हूँ। सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है। हम चुनाव जीतेंगे। जनता DMK सरकार से तंग आ चुकी है और उनका गठबंधन चुनाव हार जाएगा।" बात करें विपक्षी गठबंधन सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायन्स (SPA) की, तो कांग्रेस 28, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) 2, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) 2, मरूमलारची द्रविड़ मुनेत्र कळगम (MDMK) 4, मानिथनेया मक्कल काची (MMK) 2 और कोंगुनाडु मक्कल देसिया काची (KMDK) 2 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। सत्तारूढ़ पार्टी द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (DMK) कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह फिलहाल साफ नहीं है।

रिलेटेड टॉपिक्स