पूरे वर्ष घूमने के लिए ट्रेंड में रही ये जगह, साल 2026 में भी बनाएं जाने का प्लान

साल 2025 में भारतीय पर्यटन का ट्रेंड पूरी तरह बदल गया। लोग भीड़-भाड़ से दूर शांत, सांस्कृतिक और प्राकृतिक अनुभवों वाली जगहों की ओर आकर्षित हुए। राजस्थान का ग्रामीण क्षेत्र, प्रयागराज-वाराणसी, वृंदावन-गोवर्धन और मेघालय जैसी जगहें पूरे साल सोशल मीडिया पर ट्रेंड में रहीं और यात्रियों की पहली पसंद बनीं।

पूरे वर्ष घूमने के लिए ट्रेंड में रही ये जगह, साल 2026 में भी बनाएं जाने का प्लान

पूरे वर्ष लोगों के बीच ट्रेंड में रहे राजस्थान समेत कई स्थान

Share:

Highlights

  • 2025 में यात्रियों ने कम भीड़, शांति और स्थानीय संस्कृति वाले पर्यटन स्थलों को किया ज्यादा पसंद।
  • लोगों के बीच ट्रेंड बने राजस्थान, प्रयागराज-वाराणसी, वृंदावन-गोवर्धन और मेघालय जैसे स्थान।
  • महाकुंभ मेले ने प्रयागराज को बनाया देश विदेश में चर्चा का विषय।

नया साल 2026 दस्तक दे रहा है और वर्ष 2025 को अलविदा कहने का वक्त करीब है। यह साल कई मायनों में खास रहा—कभी यात्रा के नए ट्रेंड्स तो कभी सोशल मीडिया पर वायरल होते भारतीय पर्यटन स्थल। इस वर्ष यात्रा सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोग अनुभूति, शांति, संस्कृति और अनोखे अनुभवों की तलाश में निकले। जेन-जी की एस्थेटिक ट्रैवल गोल्स और मिलेनियल्स की माइंडफुल जर्नी ने पर्यटन को भीड़भाड़ से हटाकर सुकून भरे, स्थानीय जीवन से जुड़े और प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर स्थानों की ओर मोड़ दिया। साल 2025 में भारत के कई ऐसे स्थान ट्रेंड में रहे, जिनकी तस्वीरें इंस्टाग्राम से लेकर फेसबुक तक लगातार छाई रहीं। इन जगहों में सांस्कृतिक गहराई, प्राकृतिक सौन्दर्य, रोमांच और शांत वातावरण का ऐसा मेल देखने को मिला जिसने यात्रियों के दिलों में खास जगह बनाई। आइए जानते हैं वर्ष 2025 के सबसे ज्यादा चर्चित भारतीय पर्यटन स्थलों के बारे में—

1. राजस्थान: ग्रामीण पर्यटन का उभरता चेहरा :

राजस्थान हमेशा से महलों, किलों और रेगिस्तानी रोमांच के लिए प्रसिद्ध रहा है। जयपुर, उदयपुर और जैसलमेर जैसे शहर पर्यटकों की पहली पसंद बने रहते हैं, लेकिन 2025 में सबसे अधिक चर्चा बटोरी ग्रामीण राजस्थान ने।

खिमसर, ओसियां और बाड़मेर जैसी कम लोकप्रिय लेकिन खूबसूरत जगहों ने इस साल सोशल मीडिया पर धूम मचा दी। यहां के रेगिस्तानी टीलों, गांवों के पारंपरिक घरों और स्थानीय संस्कृति के असल जीवन अनुभव ने यात्रियों को खूब आकर्षित किया। जैसलमेर में रेगिस्तान के बीच बने शानदार टेंट कैंप्स भी खास ट्रेंड में रहे, जहां सूर्यास्त और तारों भरी रातों ने यात्रा को यादगार बनाया।

2. प्रयागराज और वाराणसी: संस्कृति और आध्यात्मिकता का संगम :

साल 2025 का सबसे बड़ा आकर्षण रहा—प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेला। देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए और इसके चलते प्रयागराज विश्वभर के सोशल मीडिया ट्रेंड्स में छाया रहा। महाकुंभ से जुड़े श्रद्धालु वाराणसी भी बड़ी संख्या में पहुंचे। गंगा आरती, बनारस के घाट, संकरी गलियां और शहर का अनोखा फूड कल्चर लगातार यात्रियों को खींचता रहा। देव दीपावली और काशी कॉरिडोर की नाइट फोटोग्राफी ने इस वर्ष इंस्टाग्राम पर खास जगह बनाई। वाराणसी 2025 का वह गंतव्य रहा, जिसे हर तरह के यात्री—फोटोग्राफी प्रेमियों से लेकर आध्यात्मिकता की तलाश करने वालों तक—ने खूब पसंद किया।

3. वृंदावन और गोवर्धन: आध्यात्मिक पर्यटन की लहर :

धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की बात करें तो वृंदावन और गोवर्धन पूरे वर्ष सुर्खियों में रहे। प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम पहुंचने वाले सेलेब्रिटीज की तस्वीरें वायरल होने के बाद यहां श्रद्धालुओं और यात्रियों की संख्या में बड़ी वृद्धि देखी गई। यमुना आरती, गोवर्धन परिक्रमा और बृज की सांस्कृतिक झलकियों ने इंस्टाग्राम रील्स पर लगातार ट्रेंड किया। 2025 में वृंदावन और गोवर्धन सिर्फ बुजुर्गों या पारंपरिक यात्रियों का गंतव्य नहीं रहे—युवा और सोलो ट्रैवलर्स ने भी इन जगहों को नए अंदाज में एक्सप्लोर किया।

4. मेघालय: प्राकृतिक स्वर्ग जिसने सोशल मीडिया पर राज किया

पूर्वोत्तर भारत के रत्न मेघालय ने वर्ष 2025 में यात्रा प्रेमियों का दिल जीत लिया। इसकी खूबसूरती, मौसम और अनोखे प्राकृतिक दृश्य पूरे साल सोशल मीडिया के शीर्ष ट्रेंड्स में बने रहे। चेरापुंजी की हरी-भरी वादियां, डौकी की पारदर्शी नदी, मावलिनोंग का एशिया का सबसे स्वच्छ गांव और क्रांग सूरी जलप्रपात 2025 के सबसे लोकप्रिय स्थान रहे। क्लाउड बेड कैंपिंग, पहाड़ों में ट्रेकिंग, और शांत गांवों के स्थानीय अनुभवों ने मेघालय को वर्ष का ‘सबसे स्वप्निल गंतव्य’ बना दिया।

यात्रा में आ रहा है बदलाव :

इस वर्ष के यात्रा ट्रेंड्स बताते हैं कि भारतीय अब सिर्फ शानदार जगहें देखने नहीं, बल्कि उनकी भावनाओं, संस्कृति और जीवन शैली को महसूस करने के लिए यात्रा कर रहे हैं। कुल मिलाकर, 2025 पर्यटन के नए दौर की शुरुआत का साल रहा—जहां यात्राएं अधिक संवेदनशील, अर्थपूर्ण और आत्मिक अनुभवों की ओर बढ़ती दिखीं। 2026 में यह ट्रेंड और भी मजबूत होता दिखेगा, क्योंकि यात्री अब भीड़ से दूर, शांत, स्थानीय और अर्थपूर्ण यात्राओं को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।

रिलेटेड टॉपिक्स